
नईदुनिया प्रतिनिधि, छिंदवाड़ा। प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए भारतीय जनता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष बंटी पटेल के भाई नितिन उर्फ मोनू ठाकुर का रिवाल्वर लाइसेंस निरस्त कर दिया है। यह प्रशासनिक कार्रवाई चौरई के एसडीएम प्रभात मिश्रा की जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई है।
आरोपी नितिन पर जमीन से जुड़े एक विवाद के दौरान लाइसेंसी हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप था।
भूमिपूजन के दौरान हुआ था विवाद
यह पूरा मामला चांद तहसील के अंतर्गत आने वाले शहपुरा क्षेत्र से जुड़ा है। 10 अक्टूबर को शहपुरा क्षेत्र में भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष कामेंद्र ठाकुर अपनी निजी भूमि पर भूमिपूजन कर रहे थे। पीड़ित कामेंद्र ठाकुर का आरोप है कि उसी दौरान भाजपा जिला उपाध्यक्ष बंटी पटेल अपने भाई नितिन उर्फ मोनू ठाकुर के साथ मौके पर पहुंचे और जबरन भूमिपूजन रुकवाने लगे।
इस दौरान दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया और आरोपी नितिन ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकालकर उन पर तान दी, जिससे वहां हड़कंप मच गया।
एसडीएम की जांच और पुराने रिकॉर्ड के आधार पर कार्रवाई
घटना के बाद पीड़ित कामेंद्र ठाकुर ने चौरई एसडीएम प्रभात मिश्रा और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलने पर उपजिलाधिकारी ने मामले की जांच शुरू की और पुलिस प्रशासन से आरोपी का पिछला आपराधिक रिकॉर्ड भी तलब किया। जांच में आरोपी के खिलाफ अन्य पुराने मामलों की जानकारी भी सामने आई।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ के यात्रियों के लिए जरूरी खबर, एक जनवरी से बदलेगा लखनऊ-रायपुर एक्सप्रेस का नंबर
इसके आधार पर एसडीएम ने शस्त्र लाइसेंस रद्द करने के लिए कलेक्टर को प्रतिवेदन भेजा, जिसके बाद कलेक्टर ने लाइसेंस निरस्तीकरण का आदेश जारी कर दिया। चांद थाना प्रभारी राकेश बघेल के अनुसार, इस मामले में दोनों पक्षों की शिकायतों पर पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि, आरोपी के भाई और भाजपा जिला उपाध्यक्ष बंटी पटेल पूर्व में कांग्रेस में सक्रिय रहे थे और चौरई विधानसभा सीट से टिकट न मिलने पर पार्टी छोड़कर निर्दलीय चुनाव लड़ने के बाद भाजपा में शामिल हुए थे।
यह भी पढ़ें- रायपुर में RERA के आदेश को ठेंगा: न हटाया 50 एकड़ की परियोजना का विज्ञापन, न जमा किया जुर्माना