
नईदुनिया प्रतिनिधि, गुना। जिले के मृगवास थाना क्षेत्र के ग्राम बकान्या में रविवार-सोमवार की दरमियानी रात खेत स्थित घर में बुजुर्ग दंपती को बंधक बनाकर डकैती की वारदात को अंजाम दिया। छत के रास्ते घर में घुसे करीब छह बदमाशों ने इस दौरान एक लाख रुपये नकद और घर में रखे गहनों के साथ बुजुर्ग महिला के पहने हुए गहने तक नोच ले गए। जानकारी के मुताबिक बुजुर्ग दंपती वैंकटदास बैरागी और मांगीबाई खेत स्थित अपने घर में रहते हैं।
रविवार रात भोजन करने के बाद दोनों सो रहे थे, तभी रात करीब दो बजे अज्ञात बदमाश चारदीवारी फांदकर घर में घुसे और बरामदे में सो रहे दंपती को बांध दिया। वेंकटदास के मुंह पर मुक्के व थप्पड़ मारे, जिससे उनका दांत टूट गया। पत्नी के कान से सोने की बाली, नाक में पहना हुआ कांटा और पैर की पायल उतरवा ले गए। साथ ही बक्से में रखे एक लाख रुपये नकद व चांदी के जेवर भी लूट लिए।
यह भी पढ़ें- बुकिंग का इंतजार कर रहे कैब चालक की आंखों में डाली मिर्ची, फिर बदमाश ने मारे ताबड़तोड़ चाकू, एम्स में भर्ती
दंपती ने 15 दिन पहले प्लाट बेचा था, जिससे मिली राशि में से तीन लाख रुपये बैंक में जमा करा दिए थे। एक लाख घर में रखे थे। डकैत बार-बार इन्हीं रुपयों के बारे में पूछ रहे थे।
मामले के राजफाश के लिए पुलिस टीमें काम कर रही हैं। दंपती को गंभीर चोट नहीं है।- हितिका वसल, पुलिस अधीक्षक गुना