
नईदुनिया प्रतिनिधि, गुना। अपने संसदीय क्षेत्र के दौरे पर गुना पहुंचे केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। क्षेत्र भ्रमण के दौरान जब एक स्थानीय नागरिक ने समय पर सड़क न बनने पर चुनाव में वोट न देने की चेतावनी दी, तो केंद्रीय मंत्री भड़क गए और सख्त लहजे में हिदायत दी।
पूरा घटनाक्रम गुना के गुलाबगंज क्षेत्र का है, जहां स्थानीय निवासियों ने बारिश के कारण जर्जर और खराब हुई सड़कों की शिकायत को लेकर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के काफिले को रोक लिया। काफिला रुकने के बाद लोग सड़क निर्माण की मांग करने लगे। इसी बीच भीड़ में मौजूद एक व्यक्ति ने कह दिया कि यदि समय से पहले सड़क नहीं बनी, तो अगली बार चुनाव के समय कोई भी उन्हें वोट नहीं डालेगा।
एक व्यक्ति:- आपसे निवेदन है कि इस बार समय से पहले ये रोड बन जाए, नहीं तो फिर इस बार हम लोगों में से कोई भी वोट नहीं डालेगा
ज्योतिरादित्य सिंधिया:- ये भाषा मेरे सामने कभी प्रयोग ना करना pic.twitter.com/h0sqrKxb1U
— Shubham Shukla (@Shubhamshuklamp) September 18, 2026
वोट न देने की बात सुनते ही केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया नाराज हो गए। उन्होंने व्यक्ति को टोकते हुए कहा, "यह भाषा मेरे साथ कभी उपयोग मत करना। आप निवेदन करो, मेरी जिम्मेदारी है, काम करना है।"
यह भी पढ़ें- इंदौर में 'छात्रों की गूंज'... राहुल गांधी ने कहा- सिस्टम नहीं चाहता कोई सवाल पूछे, इसलिए अंधभक्त पैदा करता है
इसके साथ ही केंद्रीय मंत्री ने स्थानीय लोगों को आश्वस्त करते हुए जानकारी दी कि कैंट चौराहा से लेकर गुलाबगंज तक की सड़क की डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) बनकर तैयार हो चुकी है। करीब तीन करोड़ रुपये की लागत से जल्द ही इस सड़क का निर्माण कार्य कराया जाएगा।