
नईदुनिया प्रतिनिधि, गुना। गुना के भाजपा विधायक ने काॅलेजों की डिग्री को बेकार बताकर छात्रों को पंचर जोड़ने की दुकान खोलने की सलाह दे डाली। विधायक पन्नालाल शाक्य रविवार को शासकीय कस्तूरबा कन्या महाविद्यालय में प्रधानमंत्री काॅलेज ऑफ एक्सीलेंस के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल हुए थे।
यहां प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न तोमर की मौजूदगी में विधायक शाक्य ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि केवल एक बोध वाक्य पकड़ लेना, काॅलेज की डिग्री से कुछ होने वाला नहीं है। मोटरसाइकिल की पंचर की दुकान खोल लेना, जिससे कम से कम जीवन-यापन होता रहे।
विधायक शाक्य ने कहा कि मैं जो बात कहूंगा, वो साइंस के फाॅर्मूले से और गणित के फाॅर्मूले से समझ लेना। महाविद्यालय और शिक्षण संस्थाएं कोई कंप्रेशर हाउस नहीं हैं, जिसमें डिग्री के हिसाब से हवा भर दी जाए और वो सर्टिफिकेट लेकर चला जाए। वास्तव में शिक्षण संस्थाएं वे होती हैं, जिनमें ढाई अक्षर पढ़े सो पंडित होय, पोथी पढ़-पढ़ जगमुआ पंडित भया न कोय।