नईदुनिया प्रतिनिधि, गुना। गुरु-शिष्य के पवित्र रिश्ते को कलंकित करने वाला एक सनसनीखेज मामला शहर के पीएमश्री कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कैंट से सामने आया है। जिस शिक्षक के कंधों पर बेटियों के भविष्य को संवारने और परीक्षा परिणाम तय करने की जिम्मेदारी थी, वही अंक काटने की धमकी देकर 12वीं की छात्रा को अश्लील मैसेज भेजता था और साथ घूमने चलने के लिए दबाव बनाता था।
12 बजे सोया करो हमारे साथ और बताओ कहीं चलें, 8 बजे तक फ्री कर दूंगा, बर्थडे का बोलकर आ जाओ, जैसे आपत्तिजनक संदेशों के सामने आने के बाद पूरे शिक्षा जगत में हड़कंप मच गया है।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी उच्च माध्यमिक शिक्षक नरेंद्र कुशवाह के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।
नंबर काटने की धमकी दी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कक्षा 12वीं में अध्ययनरत छात्रा ने शिकायत में बताया कि विद्यालय का शिक्षक नरेंद्र कुशवाह बीते कुछ समय से उसे व्हाट्सएप पर लगातार अश्लील और आपत्तिजनक मैसेज भेज रहा था। शिक्षक छात्रा पर अकेले मिलने और बाहर घूमने-फिरने के लिए दबाव बनाता था।
जब छात्रा ने इसका विरोध किया, तो शिक्षक ने अपने पद का रौब दिखाते हुए उसे परीक्षा में कम नंबर देने और पढ़ाई में नुकसान पहुंचाने की धमकी दी। आरोपी शिक्षक छात्रा से कहता था कि स्कूल में सब कुछ उसी के हाथ में है और वही परीक्षा के नंबर देता है, इसलिए उसकी बात माननी ही पड़ेगी।
छात्रा ने मां सुनाई आपबीती
लगातार मिल रही धमकियों और मानसिक प्रताड़ना के कारण छात्रा गहरे तनाव में आ गई थी और भय के माहौल में उसकी पढ़ाई भी प्रभावित हो रही थी। आखिरकार छात्रा ने हिम्मत जुटाई और पूरे घटनाक्रम की जानकारी अपनी मां को दी।
बेटी की आपबीती सुनकर मां ने तुरंत कदम उठाते हुए जिला शिक्षा अधिकारी, विद्यालय प्राचार्य, पुलिस अधीक्षक और थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपने का निर्णय लिया।
छात्रा ने अपने आवेदन में स्वयं की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है और दावा किया है कि आरोपी शिक्षक विद्यालय की अन्य छात्राओं के साथ भी इसी तरह की हरकतें करता है, लेकिन नंबर कटने और बदनामी के डर से कोई सामने नहीं आ पा रहा है।
स्कूल में बनाई सीक्रेट जगह
इस मामले में एक और चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ है कि आरोपी शिक्षक ने विद्यालय परिसर में ही पर्दा लगाकर एक सीक्रेट जगह बना रखी थी। पीड़िता के अनुसार, शिक्षक उस पर इसी पर्दे वाले गुप्त स्थान पर बैठकर बातचीत करने का दबाव बनाता था।
वहीं विद्यालय के अन्य शिक्षकों ने दबी जुबान में बताया कि नरेंद्र कुशवाह का विवादों से पुराना नाता रहा है। पूर्व में भी कोचिंग के दौरान एक छात्रा से ऐसी ही हरकत करने पर आक्रोशित परिजनों ने शिक्षक के घर पहुंचकर उसकी पिटाई कर दी थी।
पॉक्सो का मामला दर्ज
मामला उजागर होने के बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने भी विद्यालय प्राचार्य को ज्ञापन सौंपकर सख्त कार्रवाई की मांग की। इस संबंध में प्राचार्य संजय कुमार जैन ने बताया कि 12वीं की छात्रा अपनी मां के साथ शिकायत लेकर आई थी। छात्रा के अनुसार बाल दिवस के बाद से शिक्षक उससे चैट कर रहा था, जिसकी प्रति भी सौंपी गई है।
शिकायत को जांच के लिए जिला शिक्षा अधिकारी को भेज दिया गया है। वहीं पुलिस टीम ने चैट और शिकायत के आधार पर आरोपी शिक्षक के विरुद्ध पॉक्सो एक्ट व संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।