
नवदुनिया प्रतिनिधि, गुना। कुंभराज थानाक्षेत्र के ग्राम बंदरुआ में हुए जानलेवा हमले के शिकार पीड़ित गुरुवार को न्याय की गुहार लगाने एसपी ऑफिस पहुंचा। हाथों में बैसाखी, पैर में फ्रैक्चर और लंगड़ाते हुए पीड़ित और स्वजनों ने शिकायती आवेदन सौंपा। पीड़ितों ने एसपी से आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी और मामले में जान से मारने के प्रयास जैसी धाराएं बढ़ाने की गुहार लगाई।
पुलिस अधीक्षक को सौंपे आवेदन में पीड़ित मोहरसिंह गुर्जर उम्र 40 साल ने बताया कि बीते 27 सितंबर को गांव के ही दबंगों ने उम्मेद सिंह गुर्जर और राजाराम गुर्जर पर फरसा, लाठी व लुहांगी से जानलेवा हमला कर दिया था। हमले में उम्मेद सिंह के सिर में फरसा मारा गया, जिससे उम्मेद और राजाराम के हाथ-पैर टूट गए। पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी कुंभराज पुलिस ने आरोपितों को गिरफ्तार नहीं किया है।
पीड़ितों ने बताया कि आरोपित पुरानी रंजिश में राजीनामा करने और जमीन कब्जाने की नीयत से लगातार दहशत फैला रहे हैं। उन्हें राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है, जिसके चलते कुंभराज पुलिस ने इतने गंभीर हमले के बावजूद उन पर साधारण धाराओं में केस दर्ज किया है और जान से मारने के प्रयास जैसी गंभीर धाराएं नहीं जोड़ी हैं।
पीड़ितों ने आशंका जताई है कि यदि आरोपितों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया, तो वे किसी बड़ी घटना को अंजाम दे सकते हैं। एसपी ने मामले की जांच कराकर उचित कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
यह भी पढ़ें- धमतरी में मतांतरण के दबाव में युवक ने की आत्महत्या, पत्नी, सास-ससुर समेत 5 लोगों को 5-5 साल की जेल