
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर के गोला का मंदिर क्षेत्र के आदर्शनगर में रहने वाली 13 वर्षीय किशोरी सात वर्षीय भांजे के साथ घर से लापता हो गई। पुलिस ने अपहरण की एफआईआर दर्ज की थी। सीसीटीवी कैमरे में दोनों बैग लेकर रेलवे स्टेशन जाते दिखे। किशोरी ने मोबाइल चालू किया तो लोकेशन मथुरा में मिली। मथुरा रेलवे स्टेशन पर जीआरपी की मदद से इन्हें बरामद कर लिया गया।
दोनों ने बताया कि प्रेमानंद महाराज से मिलने घर से बिना बताए चले गए थे। पूछताछ में किशोरी ने बताया कि उसके पिता हर माह मथुरा जाते हैं। यहां राधा-कृष्ण के दर्शन करते हैं। 26 सितंबर को भी गए थे इसलिए दर्शन करने के लिए गए थे। पुलिस ने जब पूछा कि कोई साथ लेकर गया था तो बच्चों ने इनकार कर दिया। इन्हें पुलिस स्वजन के साथ मिलकर ग्वालियर ले आई है।
यह भी पढ़ें- हत्या या आत्महत्या... MP के पिछोर क्षेत्र में तीन युवतियों की मौत बनी मिस्ट्री, अब तक नहीं हो सका खुलासा
बताया गया कि लोकेशन मिलने पर मथुरा में जीआरपी को सूचना भेजी गई थी। दोनों के फोटो थाना ग्रुप पर डालकर रात में ड्यूटी पर तैनात अधिकारी और कर्मचारियों को अवगत कराया गया। एसआइ दुष्यंत कुमार कौशिक, कांस्टेबल नीलम को प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर बच्चों को तलाश लिया। बच्चों को थाने लाया गया।