
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। रक्षाबंधन पर्व से पहले ही मिलावटखोर सक्रिय हो गए हैं। महाराज बाड़ा स्थित मोर बाजार में भिंड से परिवहन कर लाया गया करीब 2,200 किलोग्राम मावा जांच के दौरान पकड़ा गया। चलित मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब से की गई प्राथमिक जांच में मावा का मिल्क फैट निर्धारित मानक के अनुरूप नहीं मिला। विभाग ने मौके से छह नमूने लिए और शेष 2,190 किलो मावा जिसकी अनुमानित कीमत 7 लाख 4 हजार रुपए है, जब्त कर लिया।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने टाटा 407 वाहन की जांच की, तो उसमें मावा की 55 डलियां मिलीं। पूछताछ में वाहन चालक ने बताया कि इनमें से 17 डलियां विवेक जैन महावीर मावा भंडार, 18 डलियां विषम्भर सिंह राजपूत मावा भंडार और 20 डलियां सुनील राठौर राठौर मावा भंडार की हैं। लिए गए नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजा जाएगा।
इसी अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारी सतीश धाकड़ ने बजाजखाना स्थित गोपाल डेयरी से पनीर का नमूना लिया। डेयरी संचालक जोगेंद्र पाल से लिए गए नमूने के बाद शेष 24 किलोग्राम पनीर, जिसकी अनुमानित कीमत 7,680 रुपए है, नियमानुसार जब्त कर लिया गया।
यह भी पढ़ें- MP High Court: क्या सरकारी काम के लिए निजी मोबाइल-इंटरनेट मजबूरी? शिक्षकों की ई-अटेंडेंस पर फैसला सुरक्षित
कलेक्टर रुचिका चौहान ने खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों को जिले में बाहर से परिवहन के जरिए आने वाले मावा और दुग्ध उत्पादों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। अपर कलेक्टर अनिल बनवारिया के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी लोकेंद्र सिंह, राजेश कुमार गुप्ता, आनंद प्रकाश शर्मा, निरूपमा शर्मा, लखनलाल कोरी और सतीश धाकड़ शामिल रहे।