
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। जिले में 95 प्रतिशत से अधिक शिक्षक ई-अटेंडेंस लगा रहे हैं। चूंकि आगामी दिनों में लोक शिक्षण विभाग ई-अटेंडेंस को सीधे वेतन से जोड़ने वाला है, इसलिए ब्लॉक स्तर पर शिक्षकों के काम की भी निगरानी की जाएगी।
खासतौर से विभागीय काम से ऐप पर ऑन ड्यूटी लगाने वाले शिक्षकों पर विशेष नजर रहेगी, क्योंकि विभाग को शिकायतें मिली हैं कि कई शिक्षक ऑन ड्यूटी लगाकर स्कूल जाने से बचने का प्रयास करते हैं। ब्लॉक स्तर पर शिक्षकों के काम की निगरानी ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, बीआरसी आदि करेंगे।
जिले में शिक्षकों की ई-अटेंडेंस 95 से 96 प्रतिशत के बीच में रोजाना रहती है। चार से पांच प्रतिशत शिक्षकों की ई-अटेंडेंस नहीं लग पाती है। इसके पीछे शिक्षा विभाग के अफसरों का कहना है कि 50 से अधिक शिक्षक ऐसे हैं जो महीनों से स्कूल नहीं आ रहे हैं। इन सभी को नोटिस दिए गए हैं और इनका वेतन भी नहीं बन रहा है। इस संबंध में रिपोर्ट भोपाल स्तर पर विभाग को दी गई है, कार्रवाई का निर्णय वहीं से होना है।
वर्तमान में शिक्षकों को एसआईआर व जनगणना जैसे कामों में भी लगाया गया है। साथ ही विभागीय प्रशिक्षण व अन्य कार्य रहते हैं, ऐसे में इन कर्मचारियों की ई-अटेंडेंस नहीं लग पाती। कई बार स्कूलों के आसपास नेटवर्क या अन्य तकनीकी खामी होने से भी ई-अटेंडेंस नहीं लग पाती, हालांकि ऐसे मामलों में तुरंत विभागीय अफसरों को सूचना देने पर उपस्थिति मान ली जाती है। इसके साथ ही कई शिक्षक अवकाश पर रहते हैं तो अवकाश के दिनों में उनकी उपस्थिति नहीं लगती है।
डीपीआई के ई-अटेंडेंस के लिए जो पिछले महीनों में आदेश जारी किए गए थे उनके मुताबिक हर जिले के 90 प्रतिशत से अधिक शिक्षकों की ई-अटेंडेंस होनी चाहिए। चूंकि ई-अटेंडेंस का आंकड़ा 95 प्रतिशत से अधिक है, इसलिए अब स्कूलों में शिक्षकों के काम व उनके ऑन ड्यूटी रहने के काम की निगरानी की जाएगी। शिक्षकों की दैनिक दैनंदिनी का निरीक्षण किया जाएगा और छात्रों से बात कर पता किया जाएगा कि उन्होंने कितना कोर्स पढ़ाया है। वहीं जो शिक्षक ऐप पर विभिन्न कामों को लेकर ऑन ड्यूटी यानी ओडी लगाते हैं, इस काम की भी समीक्षा की जाएगी।
यह भी पढ़ें- सोशल मीडिया की दोस्ती पड़ी भारी... ग्वालियर में नाबालिग से दुष्कर्म व ब्लैकमेलिंग, आरोपी गिरफ्तार
जिले में शाला प्रभारी सहित शिक्षक औसतन 95 प्रतिशत ई-अटेंडेंस लगा रहे हैं। इसमें एक से दो प्रतिशत कम या ज्यादा होता रहता है। लोक शिक्षण विभाग भी शिक्षकों की 90 प्रतिशत से अधिक उपस्थिति चाहता है। लेकिन अब ई-अटेंडेंस लगाने वाले शिक्षकों के काम की निगरानी भी की जाएगी, जिससे स्कूलों में पठन-पाठन की व्यवस्था सुधर सके और छात्रों को लाभ मिले। जो शिक्षक लंबे समय से उपस्थित नहीं हो रहे हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए लिखा है। - हरिओम चतुर्वेदी, संयुक्त संचालक, शिक्षा