
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था की बड़ी चूक सामने आई है। स्टेशन के प्लेटफार्म क्रमांक तीन पर खड़ी बुंदेलखंड एक्सप्रेस से डेढ़ साल की बच्ची का खुलेआम अपहरण कर लिया गया। बच्ची का अपहरण करने वाले बदमाश ने पहले मां से पहचान बढ़ाई और बच्ची को खिलाने लगा। इसी दौरान मां की साड़ी बिछिए में उलझी और वह उसे ठीक करने के लिए झुकी। इसी का फायदा उठाकर बदमाश ट्रेन से बच्ची को लेकर उतर गया।
बच्ची को गायब देखकर मां ने शोर मचाया, लेकिन तब तक ट्रेन चल चुकी थी। ऐसे में डबरा स्टेशन पर उतरकर मां वापस ग्वालियर आई और जीआरपी में मामला दर्ज कराया। जीआरपी जवानों ने जब सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो उसमें बदमाश बच्ची को गोद में उठाकर ले जाता दिख रहा है। फुटेज के आधार पर अपहरणकर्ता की तलाश शुरू की गई है।
जानकारी के मुताबिक तीन अगस्त की रात को शिवपुरी जिले के खरई गांव निवासी अनीता जाटव अपनी डेढ़ वर्षीय बेटी के साथ बुंदेलखंड एक्सप्रेस से प्रयागराज जाने के लिए ग्वालियर रेलवे स्टेशन पहुंची थीं। ट्रेन के प्लेटफार्म क्रमांक तीन पर आने के बाद वह अपनी बच्ची को लेकर जनरल कोच में सवार हो गईं। कुछ देर बाद एक युवक सामने वाली सीट पर आकर बैठ गया। उसने अनीता से बातचीत शुरू की और पूछा कि वे कहां जा रही है। अनीता ने युवक को बताया कि वह अपने भाई के घर प्रयागराज जा रही है।
इसके बाद युवक ने बातों-बातों में ये जान लिया कि महिला व बच्ची के अलावा साथ में कोई नहीं है। युवक ने बताया कि वह बांदा जा रहा है और बातचीत में अनीता का विश्वास जीतकर बच्ची को खिलाने लगा। इसी दौरान अनीता के पैर में पहना बिछिया साड़ी में फंस गया। वह उसे छुड़ाने के लिए नीचे झुकीं। नजर हटते ही मौके का फायदा उठाकर युवक डेढ़ साल की मासूम को उठाकर फरार हो गया। अनीता ने बच्ची को ढूंढने का प्रयास किया, लेकिन इसी बीच ट्रेन भी चल पड़ी। कोच में मौजूद यात्रियों ने उन्हें डबरा स्टेशन पर उतरकर वापस ग्वालियर लौटने की सलाह दी।
डबरा पहुंचने के बाद महिला दूसरी ट्रेन से ग्वालियर लौटी और जीआरपी थाने में शिकायत दर्ज कराई। जीआरपी ने अज्ञात आरोपित के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर स्टेशन और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तो उसमें टोपी पहने एक युवक बच्ची को ले जाता दिखा है। हुलिए के आधार पर उसकी तलाश की जा रही है।
रेलवे स्टेशन के आउटर पर चलती ट्रेन में एक महिला यात्री के गले से सोने की चेन झपटकर बदमाश फरार हो गया। वारदात जून माह में हुई और महिला ने झांसी जीआरपी में मामला दर्ज कराया था, लेकिन घटना स्थल ग्वालियर क्षेत्र का होने के कारण केस डायरी को ग्वालियर भेजा गया है।
जानकारी के मुताबिक घनश्यामदास राठी (62 वर्ष) निवासी ज्ञानबाग कालोनी हैदराबाद अपने परिवार के 12 सदस्यों के साथ ट्रेन संख्या 12724 तेलंगाना एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे थे। यात्रा के दौरान उनकी भाभी मधुलता जोशी एस-2 कोच की सीट संख्या 49 पर बैठी थीं।
यह भी पढ़ें- एमपी में बन रहे 60 नए सांदीपनि विद्यालय, 100% रिजल्ट पर मिलेगा 1 लाख का इनाम, पढ़ें कैबिनेट के बड़े फैसले
22 जून को शाम करीब 7:55 बजे ग्वालियर रेलवे स्टेशन के आउटर पर एक अज्ञात बदमाश अचानक महिला के गले से सोने की चेन खींचकर फरार हो गया। मामले की शिकायत जीआरपी झांसी में दर्ज की गई थी। बाद में घटना स्थल ग्वालियर क्षेत्र का होने के कारण केस डायरी जीआरपी बीजी भेजी गई।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बच्ची को ले जाने वाले बदमाश की तलाश की जा रही है। हमने इसके लिए टीमें भी गठित की हैं।- अंकित जायसवाल, एसपी रेल भोपाल