
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। घाटीगांव थाना क्षेत्र के ग्राम जखा में मामूली बात पर विवाद इतना बढ़ गया कि कार सवार युवकों ने कट्टे से हवाई फायर कर दिया। सिगरेट और गुटखा नहीं मिलने पर आरोपितों ने दुकानदार को जान से मारने की धमकी भी दी।
पहले मारपीट की, फिर गोलियां चलाकर फरार हो गए। घटना के बाद गांव में दहशत फैल गई। पुलिस ने पहले एक पक्ष फिर दूसरे पक्ष की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की। ग्राम जखा निवासी पंजाब सिंह रावत रात में अपनी दुकान बंद कर घर के बाहर गांव के सुरेंद्र रावत और सिमरिया टांका निवासी इंदर बघेल के साथ बैठे हुए थे।
सामान देने से इंकार करने पर बढ़ा विवाद
इसी दौरान सफेद रंग की कार क्रमांक एमपी 07 एमडी 4177 से चार युवक वहां पहुंचे। कार में सिमरिया टांका निवासी अजय चौहान, ऋषि चौहान, खन्ना खान और जावरा निवासी मुकेश बघेल सवार थे। इन लोगों ने पंजाब सिंह से गुटखा और सिगरेट मांगी। पंजाब सिंह ने रात हो जाने और दुकान बंद होने की बात कहते हुए सामान देने से मना कर दिया।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर में पाम ऑयल से बन रहा था नकली मावा, SDM की छापेमारी में बिना लाइसेंस चल रहे 12 कारखाने सील
इसी बात पर चारों युवक भड़क गए और गाली-गलौज करने लगे। पंजाब सिंह ने विरोध किया तो यह लोग मारपीट करने लगे। फिर अजय चौहान ने कमर से कट्टा निकालकर हवाई फायर कर दिया। गोली की आवाज सुनते ही मौके पर मौजूद लोग घबरा गए और जान बचाने के लिए घरों के अंदर भाग गए।
इन लोगों ने जान से मारने की धमकी भी दी। यह लोग थाने पहुंचे और एफआईआर दर्ज कराई। इन लोगों के थाने पहुंचने के बाद दूसरा पक्ष भी थाने पहुंचा। अजय चौहान ने थाने में कहा कि सुरेंद्र रावत, पंजाब रावत, मंगल बधेल और इंदर बघेल ने उसके साथ मारपीट की है। पुलिस ने क्रॉस एफआईआर दर्ज की है।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर में दीवाली पर 2 हजार जवान संभालेंगे सुरक्षा, सादा वर्दी में तैनात रहेगी क्राइम ब्रांच