
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। कैंसर पहाड़ी पर रविवार की रात तीन बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी। गोली उसके पेट में लगी है। युवक से गुंडे सिर्फ इसलिए नाराज थे, क्योंकि वह जिस कुत्ते को रोटी खिलाता था, वह कुत्ता इन गुंडों पर भौंकता था। गोली मारने के बाद भी बदमाशों ने युवक को धमकाते हुआ कहा कि अगर ये भौंकेगा तो तेरी जान जाएगी। पूरे इलाके में अगर किसी ने भी कुत्ते को रोटी डाली तो गोली मार दी जाएगी। गोली लगने से घायल युवक की हालत गंभीर है। कंपू थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज की कर दी है, वहीं पुलिस ने एक आरोपी पकड़ भी लिया है।
कैंसर पहाड़ी पर रहने वाला संजय पुत्र करण सिंह यादव रात को खाना खाने के बाद अपने घर के बाहर भाई सचिन के साथ टहल रहा था। दोनों घर से कुछ दूरी पर पैदल चल रहे थे। तभी यहां रिंकू राजपूत, कपिल राजपूत, रामवरण जाटव आ गए। इन लोगों ने आते ही संजय को धमकाना शुरू कर दिया। बदमाश बोले कि रोज यह कुत्ता हमें देखकर भौंकता है। जब संजय ने कोई जवाब नहीं दिया तो गोली मार दी। संजय के पेट में गोली लगी है, गोली मारने के बाद भी बदमाश धमकाते रहे। संजय के परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे और अस्पताल ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने एफआईआर दर्ज होते ही रामवरण जाटव को गिरफ्तार कर लिया, जबकि रिंकू और कपिल अब तक फरार चल रहे हैं।
संजय ने बताया कि वह कुत्ते को रोटी खिलाता है। यही बात उसे खलती थी। वह कहता था कि इन्हें भूखे रहने दो। जब उसकी बात नहीं मानी तो गोली मार दी। संजय ने पुलिस को बताया कि यह दोनों वन विभाग की जमीन कब्जाकर प्लॉटिंग कर रहे हैं। गरीबों को सरकारी जमीन बेच रहे हैं। गरीबों के साथ धोखा हो रहा है और सरकारी जमीन कब्जाई जा रही है। कंपू थाना के प्रभारी मदन मोहन मालवीय ने इस मामले को लेकर कहा कि कुत्ते के भौंकने को लेकर एक युवक को तीन लोगों ने गोली मार दी। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है बाकि फरार आरोपियों को भी जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।