नईदुनिया, भितरवार/ग्वालियर। दो दिन पहले भितरवार-हरसी रोड पर हुई एक दर्दनाक घटना में बेसहारा गाय की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि एक तेज रफ्तार ईको कार ने नशे में धुत्त चालक द्वारा लापरवाही से वाहन चलाते हुए सड़क पर बैठी तीन गायों को टक्कर मार दी। हादसे में एक गाय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गईं।
हादसे के तुरंत बाद नगर के गौसेवक और पुलिस मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन (क्रमांक MP07 ZV 1190) को जब्त कर लिया। लेकिन हैरानी की बात यह रही कि 24 घंटे से अधिक समय बीतने के बावजूद पुलिस ने कोई FIR दर्ज नहीं की।
जब यह मामला सोशल मीडिया पर वायरल हुआ और घटना का वीडियो सामने आया, तो लोगों में भारी रोष फैल गया। स्थानीय नागरिकों और गौ भक्तों ने पुलिस की निष्क्रियता की तीखी आलोचना की।
इसी मुद्दे को लेकर शुक्रवार को बजरंग सेना के प्रदेश अध्यक्ष और करहिया गोलेश्वर पीठ के पीठाधीश्वर संत सोमनाथ गिरि खुद पुलिस थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस प्रशासन से सवाल किया कि जब वीडियो और चश्मदीद सबूत मौजूद हैं, तब भी आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज क्यों नहीं किया गया।
सोमनाथ गिरि ने पुलिस पर नाराजगी जताते हुए कहा कि गौ माता सिर्फ हमारी संस्कृति का हिस्सा नहीं, बल्कि राष्ट्र की आत्मा हैं। कोई उनका अपमान या हिंसा करे, ये बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कुछ लोग गौ रक्षा के नाम पर सिर्फ अपनी दुकान चला रहे हैं, लेकिन असली सेवा मौके पर खड़े होकर होती है। उनके दबाव और हस्तक्षेप के बाद आखिरकार पुलिस ने आरोपी वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।