
डिजिटल डेस्क। ग्वालियर में महज 200 रुपए बिना पूछे खर्च कर देने पर पिता की फटकार और मारपीट से नाराज होकर घर से निकली 10 साल की बच्ची आखिरकार सात दिन बाद आगरा में सुरक्षित मिल गई है। पुरानी छावनी पुलिस की 14 सदस्यीय टीम ने लगातार एक हफ्ते तक तीन राज्यों की खाक छानी और मंगलवार रात करीब 11 बजे आगरा के एक बालिका गृह से मासूम को ढूंढ निकाला।
मामला ग्वालियर के पुरानी छावनी थाना क्षेत्र का है। दरअसल, 10 साल की इस बच्ची ने घर में रखे 200 रुपए बिना किसी को बताए खर्च कर दिए थे। जब पिता को इस बात का पता चला, तो उन्होंने गुस्से में बच्ची को काफी डांटा और उस पर हाथ भी उठा दिया। पिता के इस व्यवहार से मासूम इतना आहत हुई कि वह चुपचाप घर से बाहर निकल गई और फिर वापस नहीं लौटी। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने उसकी तलाश में एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया।
यह भी पढ़ें- ड्यूटी पर तैनात नौसेना जवान के घर में घुसकर पड़ोसियों ने मां-भाई को पीटा, पुलिस पर लापरवाही का आरोप
मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्वालियर पुलिस ने मध्य प्रदेश के साथ-साथ राजस्थान और उत्तर प्रदेश पुलिस से भी संपर्क साधा और बच्ची का हुलिया साझा किया। धौलपुर से लेकर आगरा तक के रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और भीड़भाड़ वाले बाजारों में उसकी तस्वीर वाले पोस्टर चस्पा किए गए। पुलिस की यह मेहनत मंगलवार रात उस वक्त रंग लाई, जब खबर मिली कि आगरा में अकेली घूम रही एक बच्ची को किसी संवेदनशील राहगीर ने सुरक्षित बालिका गृह पहुंचा दिया है।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर में मोबाइल व्यापारियों को लगा 25 लाख का चूना, उधार का माल समेटकर परिवार समेत भागा कारोबारी
सूचना मिलते ही ग्वालियर पुलिस की टीम तुरंत रवाना हुई और मंगलवार रात करीब 11 बजे आगरा के बालिका गृह पहुंचकर बच्ची की पहचान व सुरक्षा की पुष्टि की। पुरानी छावनी थाना प्रभारी संतोष यादव ने बताया कि मासूम को सकुशल वापस लाने से जुड़ी सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। पुलिस टीम बुधवार को बच्ची को लेकर ग्वालियर लौट आएगी।