
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। हजार बिस्तर अस्पताल में लगातार दूसरे दिन पानी की किल्लत बनी रही। पीएचई की ओर से नियमित सप्लाई नहीं होने के कारण भर्ती मरीजों और उनके स्वजन को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालात ऐसे थे कि मरीजों को दवा देने के लिए भी स्वजन को बाहर से पानी लाना पड़ा। वार्डों में पेयजल उपलब्ध नहीं था।
दोपहर बाद पीएचई कर्मचारियों ने पाइपलाइन दुरुस्त कर सप्लाई बहाल की। इसके बाद अस्पताल की टंकियां भरी गईं और शाम तक वार्डों में पानी पहुंच सका। अस्पताल अधीक्षक डा. सुधीर सक्सेना ने बताया कि सप्लाई बाधित होने की सूचना पीएचई को दी गई थी। जांच में पाइपलाइन टूटने की जानकारी मिली। कर्मचारियों ने उसे ठीक कर पानी की आपूर्ति बहाल की। पानी पहुंचने के बाद टंकियां भरनी शुरू हुईं और शाम तक वार्डों में पेयजल व्यवस्था सामान्य हो गई।
लगातार दूसरे दिन सप्लाई बाधित होने से अस्पताल में पर्याप्त पानी के भंडारण और आपातकालीन वैकल्पिक व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। पाइपलाइन में खराबी आने पर मरीजों और उनके स्वजन को पानी के लिए परेशान होना पड़ा, जो अस्पताल की बुनियादी व्यवस्थाओं की स्थिति पर ध्यान खींचता है।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर कृषि विवि तैयार कर रहा आलू की 'तेजस' किस्म, 36 डिग्री गर्मी में भी देगी बंपर पैदावार