
अनिल तोमर, ग्वालियर: ग्वालियर-चंबल अंचल सहित मध्य प्रदेश के किसानों के लिए अच्छी खबर है। राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय आलू की एक ऐसी उन्नत किस्म के बीज तैयार करने की दिशा में काम कर रहा है, जो कम पानी में भी बेहतर पैदावार देगी और 35 से 36 डिग्री सेल्सियस तक के तापमान को आसानी से सहन कर लेगी।
विश्वविद्यालय स्तर पर बीज गुणन और तैयारी की प्रक्रिया जारी है, जिसके बाद अगले दो वर्षों में यह बीज अंचल सहित प्रदेशभर के किसानों को उपलब्ध हो सकेगा।
भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आइसीएआर) द्वारा विकसित इस किस्म का नाम "तेजस" (कुफरी तेजस) है। आलू की इस नई किस्म को भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद यानि आइसीएआर के केंद्रीय आलू अनुसंधान संस्थान (सीपीआरआइ), शिमला और उसके सहयोगी केंद्रों के वैज्ञानिकों द्वारा विकसित किया गया है। इसे मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, गुजरात, महाराष्ट्र और उत्तराखंड के मैदानी व पठारी क्षेत्रों की जलवायु को ध्यान में रखते हुए खेती के लिए अनुशंसित किया गया है।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर में घर में सोता रहा परिवार, बाहर से कुंदी लगाकर 25 लाख का माल समेट ले गए चोर
मध्य प्रदेश और खासकर ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में बदलते मौसम, सिंचाई जल की सीमित उपलब्धता और गर्मियों में तापमान बढ़ने से आलू उत्पादकों को अक्सर उपज और भंडारण में नुकसान उठाना पड़ता है। ऐसे में तेजस किस्म किसानों के लिए कई लिहाज से लाभकारी साबित हो सकती है। कम पानी में अधिक उत्पादन मिलने से खेती की लागत और संसाधनों पर दबाव घटेगा, जबकि बेहतर भंडारण क्षमता के चलते किसानों को फसल खराब होने की चिंता कम होगी।
यह भी पढ़ें- MP के 82.8% सरकारी स्कूलों में दिव्यांग शौचालय नहीं, यू-डाइस प्लस रिपोर्ट ने खोली पोल