
ग्वालियर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। बहोड़ापुर इलाके में एक तेज रफ्तार लोडिंग वाहन ने घर के बाहर खेल रही 4 वर्षीय मासूम को कुचल डाला। बालिका गंभीर रूप से घायल हुई, जिसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। इस दौरान लोडिंग वाहन का चालक भी स्वजनों के साथ था। अस्पताल में जैसे ही डाक्टरों ने बालिका को मृत घोषित किया तो आरोपित चालक भाग निकला। बच्ची के शव का पोस्टमार्टम कराकर स्वजन के सुपुर्द किया गया, इसके बाद बालिका के स्वजनों ने शव रखकर बहोड़ापुर इलाके में चक्काजाम कर दिया।
स्वजनों को यह भ्रम था कि पुलिस ने एफआइआर दर्ज नहीं की है। जबकि एफआइआर हो चुकी थी। जब स्वजनों को पता लगा तो जाम खोला गया। प्रशासन ने आर्थिक सहायता मुहैया कराने का भी आश्वासन स्वजन को दिया है। बहोड़ापुर इलाके में लक्ष्मीपुरम में रहने वाले घनश्याम आदिवासी मजदूरी करते हैं। उनकी 4 वर्षीय बेटी बीते रोज घर के बाहर ही खेल रही थी। तभी सामने से तेज रफ्तार में लोडिंग एमपी07 एल 2126 आई। सड़क पर खेल रही बच्ची लोडिंग के नीचे आ गई। इसके बाद गाड़ी दीवार से टकराई। यहां मौजूद लोगों ने गाड़ी को घेर लिया। ड्राइवर ने इलाज करवाने की बात कही। बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। जब तक बच्ची का इलाज चल रहा था, लोडिंग चालक यहीं था। कुछ देर बाद डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद आरोपित भाग निकला। शव को पोस्टमार्टम हाउस भिजवाया गया। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर स्वजन के सुपुर्द कर दिया गया। इसके बाद स्वजन शव लेकर बहोड़ापुर पहुंचे। यहां शव रखकर चक्काजाम कर दिया। करीब आधा घंटे तक जाम लगाए रखा।
आप की रैली 25 जून को केजरीवाल और मान आयेंगे
आम आदमी ग्वालियर-चंबल अंचल में चुनावी शंखनाद 25 जून को नगर में आयोजित महारैली से करेगी। इस रैली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। यह जानकारी प्रदेश के सह प्रभारी शेरी कलसी ने सोमवार को मीडिया से चर्चा करते हुये दी। पार्टी का दावा है आप विधानसभा चुनाव में तीसरी राजनीतिक के रूप में अपनी उपस्थिति प्रदेश में दर्ज कराएगी। चर्चा के दौरान जिलाध्यक्ष अमित शर्मा, प्रदेश महासचिव रोहित गुप्ता, प्रदेश उपाध्यक्ष रुचि गुप्ता, महिला विंग प्रदेश अध्यक्ष मनीक्षा सिंह तोमर, ओबीसी विंग प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र कराणा, प्रदेश प्रवक्ता भानु परिहार, यूथ प्रदेश अध्यक्ष विक्रम लोधी सहित काफी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी मौजूद रहे।