_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर. ग्वालियर शहर में बेखौफ बदमाशों का तांडव थमने का नाम नहीं ले रहा है। शहर के दो अलग-अलग इलाकों में महज 6 घंटे के भीतर ताबड़तोड़ गोलीबारी की 3 घटनाएं सामने आई हैं। इनमें से दो वारदातें मुरार इलाके में शराब दुकानों के बाहर हुईं, जबकि तीसरी घटना कंपू क्षेत्र स्थित थीम रोड पर हुई। खुलेआम हुई इस गुंडागर्दी के CCTV फुटेज भी सामने आए हैं, जिसने शहर की पुलिस गश्त पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं।
मुरार थाना क्षेत्र के बड़ागांव में एक शराब दुकान पर बाइक सवार तीन बदमाश पहुंचे। बदमाशों ने सेल्समैन से मुफ्त में शराब की मांग की। जब सेल्समैन ने इनकार कर दिया, तो वे धमकी देते हुए चले गए। कुछ देर बाद वे दोबारा लौटे और बाइक पर बैठे-बैठे ही कट्टे से दुकान पर फायर ठोंक दिया। गोली चलते ही इलाके में दहशत फैल गई। मुख्य आरोपी की पहचान सैफ अली खान के रूप में हुई है। पुलिस उसकी और उसके साथियों की तलाश कर रही है।
मुरार स्थित हॉकर्स जोन के पास भरी बाजार में स्थित शराब दुकान के बाहर चार गुंडे आ धमके। इनमें से दो बदमाशों ने मुंह पर कपड़ा बांध रखा था और हाथों में कट्टे ले रखे थे। बदमाशों ने भरे बाजार में बेखौफ होकर 3 से 4 राउंड फायरिंग कर दी। गोलीबारी से बाजार में भगदड़ मच गई और दहशत में आकर दुकानदारों ने शटर गिरा दिए। हैरानी की बात यह रही कि इतनी बड़ी घटना के बाद जब मुरार थाना प्रभारी मैना पटेल से बात की गई, तो उन्होंने घटना की जानकारी होने से ही इनकार कर दिया।
कटोराताल के सामने थीम रोड पर दो गुटों के बीच रंजिश और रुपयों के लेनदेन को लेकर खूनी झड़प हो गई। सीएसपी रोबिन जैन के मुताबिक, यह विवाद क्रिकेट सट्टे के पैसों के लेन-देन से जुड़ा है। एक तरफ से पुलकित शर्मा और रामचंद्र गुर्जर थे, तो दूसरी तरफ हरवीर रावत, साकेत पाठक और हिस्ट्रीशीटर अपराधी देव परमार मौजूद थे।
मारपीट के बाद जब पुलकित ने अपने अन्य साथियों को बुला लिया, तो दोनों पक्षों के बीच जोरदार पत्थरबाजी और 3 से 4 राउंड गोलियां चलीं। इस दौरान एक कार में जमकर तोड़फोड़ भी की गई। पुलिस के अनुसार, हिस्ट्रीशीटर देव परमार द्वारा गोली चलाने की पुष्टि हुई है।
इस बारे में बात करते हुए ग्वालियर के SSP धर्मवीर सिंह ने कहा- शहर में गोलीबारी की जो भी वारदातें हुई हैं, उनके आरोपियों की पहचान की जा रही है। बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस टीमों के साथ-साथ क्राइम ब्रांच को भी तलाश में लगा दिया गया है। जल्द ही सभी आरोपी सलाखों के पीछे होंगे।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर में जेसी मिल्स के 7,839 पूर्व कर्मचारियों के नए दावे हाईकोर्ट ने खारिज किए, 4% ब्याज देने के निर्देश मिले