ग्वालियर में घर में सोता रहा परिवार, बाहर से कुंदी लगाकर 25 लाख का माल समेट ले गए चोर
ग्वालियर के पिंटो पार्क में चोरों ने सोते परिवार के कमरे की बाहर से कुंदी लगाकर 25 लाख के गहने व नकदी उड़ा लिए। गोला का मंदिर पुलिस जांच कर रही है।
Publish Date: Wed, 25 Nov 2026 09:13:34 AM (IST)Updated Date: Wed, 25 Nov 2026 09:13:34 AM (IST)
25 लाख का माल समेट ले गए चोर। (नईदुनिया)HighLights
- पिंटो पार्क के मरघट रोड पर मकान में बड़ी चोरी।
- सोते परिवार के कमरे की बाहर से लगा दी कुंदी।
- 15 तोला सोना, डेढ़ किलो चांदी व 95 हजार नकद चोरी।
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। पिंटो पार्क के मरघट रोड पर चोरों ने एक मकान को निशाना बनाकर करीब 25 लाख रुपये का माल पार कर दिया। संतोष सिंह रजक का परिवार घर में सोता रहा और चोर 15 तोले सोने के गहने, करीब डेढ़ किलो चांदी और 95 हजार रुपये नकद समेट ले गए। वारदात के दौरान चोरों ने परिवार के सदस्यों को जिस कमरे में सोया हुआ था, उसके बाहर से कुंदी लगा दी। आशंका है कि चोर पड़ोसी के घर के रास्ते दाखिल हुए थे। गोला का मंदिर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
ये है पूरा मामला
- संतोष सिंह ने पुलिस को बताया कि सोमवार रात करीब 11 बजे उनकी पत्नी शारदा और बच्चे खाना खाने के बाद सोने चले गए थे। वह खुद मकान के तलघर में सो रहे थे। सुबह करीब चार बजे पत्नी शारदा की नींद खुली तो उन्होंने देखा कि कमरे का दरवाजा बाहर से बंद है। आवाज लगाकर उन्होंने परिवार के अन्य सदस्यों को जगाया। इसके बाद जब गहने और अन्य सामान रखने वाले कमरे में पहुंचे तो वहां का नजारा देखकर हैरान रह गए। कमरे का दरवाजा खुला था और सामान बिखरा पड़ा था। गहने रखने वाला स्टील का डिब्बा भी खुला हुआ था।
चोर चूड़ियां, हार, अंगूठियां, बेसर सहित सोने-चांदी के अन्य आभूषण और नकदी ले गए। मकान की छत पर कुछ कारतूस भी पड़े मिले। हालांकि, संतोष सिंह की बंदूक चोरी होने से बच गई, क्योंकि वह थाने में जमा है।
चोरी की सूचना पर गोला का मंदिर थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास के रास्तों और संभावित प्रवेश स्थलों की पड़ताल कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही चोरों का सुराग लगा लिया जाएगा। यह भी पढ़ें- ड्यूटी पर तैनात नौसेना जवान के घर में घुसकर पड़ोसियों ने मां-भाई को पीटा, पुलिस पर लापरवाही का आरोप