ग्वालियर संभाग में 3187 लीटर अवैध शराब जब्त, 122 तस्कर गिरफ्तार
ग्वालियर संभाग में अवैध शराब के सिंडिकेट के कारोबारियों के खिलाफ आबकारी विभाग ने विशेष प्रवर्तन अभियान छेड़ रखा है।
Publish Date: Sun, 13 Sep 2026 09:10:57 AM (IST)Updated Date: Sun, 13 Sep 2026 09:10:57 AM (IST)
ग्वालियर संभाग में शराब तस्करों पर शिकंजा (फाइल फोटो)HighLights
- अवैध शराब कारोबारियों पर शिकंजा
- आठ जिले में 224 आपराधिक मामले दर्ज
- 122 शराब तस्करों को किया गिरफ्तार
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। ग्वालियर संभाग में अवैध शराब के सिंडिकेट के कारोबारियों के खिलाफ आबकारी विभाग ने विशेष प्रवर्तन अभियान छेड़ रखा है। विभाग की 11 सितंबर तक की रिपोर्ट के मुताबिक संभाग के सभी आठ जिलों में एक साथ दबिश देकर 224 आपराधिक मामले दर्ज किए गए हैं।
कार्रवाई के दौरान 3,187.56 लीटर अवैध शराब जब्त कर 122 शराब तस्करों को पकड़ा गया। संभाग में जब्त कुल 3,187 लीटर शराब में से आधे से ज्यादा 1,702 लीटर अकेले दतिया जिले से पकड़ी गई है। विभाग अब इसके मुख्य सप्लायर की तलाश में जुटा है।
आबकारी टीम ने सबसे ज्यादा 59 एफआईआर ग्वालियर जिले में दर्ज की और 29 तस्करों को गिरफ्तार किया। जानलेवा अवैध शराब से जुड़ी सख्त धारा 49(क) के तहत सबसे ज्यादा मामले और निगरानी गुना जिले में दर्ज की गई है।
30 ठिकाने ध्वस्त, 6200 किग्रा लहान नष्ट
अकेले 11 सितंबर को चलाए गए स्पेशल स्ट्राइक में टीम ने 30 नए ठिकाने ध्वस्त किए। इस दौरान 127.20 लीटर शराब (देशी, विदेशी व बियर) जब्त करने के साथ ही शराब बनाने की अवैध भट्ठियों पर धावा बोलकर 6,200 किलोग्राम लहान मौके पर ही बहाकर नष्ट कर दिया गया। एक वाहन जब्त कर 18 आरोपियों को रंगे हाथों दबोचा गया।