
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। आबकारी विभाग द्वारा ग्वालियर संभाग में अवैध मदिरा के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत कार्रवाई जारी है। इस विशेष ड्राइव के दौरान संभाग के 8 जिलों-ग्वालियर, गुना, अशोक नगर, शिवपुरी, मुरैना, भिण्ड, दतिया और श्योपुर में कुल 41 आपराधिक प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें 22 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
आबकारी विभाग की उड़नदस्ता टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए कुल 257.62 बल्क लीटर अवैध मदिरा जब्त की। टीम ने भारी मात्रा में 4,680 किलोग्राम महुआ लाहन भी बरामद कर नष्ट किया, जिसमें सबसे बड़ी कार्रवाई ग्वालियर जिले में 2,000 किलोग्राम लाहन जब्त कर की गई।
105 लीटर गुड़ लाहन नष्ट
वहीं, जिला स्तर पर भी आबकारी विभाग ने विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 13.14 बल्क लीटर अवैध मदिरा तथा मदिरा निर्माण में प्रयुक्त सामग्री जब्त की है। कार्रवाई के दौरान 105 लीटर गुड़ लाहन मौके पर नष्ट किया गया।
साथ ही आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1) के तहत कुल 5 अपराध पंजीबद्ध किए गए हैं। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत लगभग 10 हजार रुपए है।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर: 45 साल पुराने डकैती एक्ट पर हाईकोर्ट सख्त, सरकार और अफसरों को कारण बताओ नोटिस जारी आबकारी विभाग द्वारा 8 सितंबर को मुखबिर से प्राप्त सूचनाओं एवं नियमित गश्त के आधार पर हजीरा क्षेत्र, राजा की मंडी, किलागेट, बिरला नगर, बाथम मोहल्ला, लद्देड़ी तथा जलालपुर कंजर डेरा क्षेत्र में आबकारी बल के साथ दबिश दी गई।
कार्रवाई के दौरान गोसपुरा नंबर-1, हजीरा में एक व्यक्ति के आधिपत्य से 40 पाव देसी मदिरा प्लेन तथा बाथम मोहल्ला में एक अन्य व्यक्ति के आधिपत्य से 13 पाव देसी मदिरा प्लेन जब्त की गई। जलालपुर क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान 105 लीटर गुड़ लाहन, 3.6 लीटर हाथभट्टी मदिरा तथा मदिरा निर्माण में प्रयुक्त उपकरण एवं पात्र बरामद किए गए। गुड़ लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।