ग्वालियर में आतिशबाजी से 22 जगह आग, सिकरौदा चौराहे पर पटाखों से भरी बस जलकर खाक
ग्वालियर में दीपावली की आतिशबाजी से 22 जगहों पर आग लगी। सिकरौदा चौराहे पर पटाखों से भरी बस जलकर खाक हो गई। फायर ब्रिगेड की तत्परता से कोई जनहानि नहीं हुई।
Publish Date: Tue, 10 Nov 2026 08:06:11 AM (IST)Updated Date: Tue, 10 Nov 2026 08:06:11 AM (IST)
ग्वालियर में आतिशबाजी से 22 जगह आग। (नईदुनिया)HighLights
- ग्वालियर में आतिशबाजी से 22 जगहों पर लगी आग।
- सिकरौदा चौराहे पर पटाखों से बस में लगी भीषण आग।
- बस में आग से यात्रियों में मची भारी अफरा-तफरी।
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर में आतिशबाजी के कारण कुल 22 स्थानों पर आग लगने की घटनाएं सामने आईं। नगर निगम के फायर अमले ने तत्परता से काम करते हुए आग को बुझाया, जिसके कारण कोई जनहानि नहीं हुई. आग लगने की सबसे बड़ी घटना रविवार सुबह सिकरौदा चौराहा के पास हुई, जहां एक बस की डिक्की में रखे पटाखों में धमाके के साथ आग लग गई।
धीरे-धीरे कर आग ने पूरी तरह से बस को चपेट में ले लिया। इससे बस में मौजूद सवारियों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलने पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और पानी फेंककर आग को काबू में किया। हालांकि तब तक बस पूरी तरह से जलकर खाक हो गई थी।
ये है पूरा मामला
- रविवार को बस में आग लगने की सूचना से शुरू हुआ सिलसिला देर रात तक जारी रहा। मकानों की बालकनी, कबाड़ के गोदाम, कचरे के ढेर, झाड़ियों और पटाखों के अवशेषों में आग लगने की सूचनाएं मिलती रहीं।
- फायर नोडल अधिकारी रजनीश गुप्ता के अनुसार दीपावली के दौरान कुल 22 स्थानों से फायर काल प्राप्त हुईं। सूचना मिलते ही दमकल वाहनों और रेस्क्यू दल को रवाना किया गया। बस के अलावा विवेकानंद चौराहे पर जादौन कोचिंग के पास मकान में, जिला पंचायत कार्यालय के सामने एमके सिटी में आरेंज वुड अपार्टमेंट की दूसरी मंजिल की बालकनी में, पुरानी छावनी के स्टोन पार्क में महाकाल मेडिकल के पास मकान में, गुब्बारा फाटक के पास मकान की छत में, पातली हनुमान मंदिर के पास मकान में, आरपी कालोनी में कचरे में,
- पटेल नगर में पूजा स्वीट्स के पास कचरे में, चंद्र नगर कोटेश्वर में दिलीप राणा स्टोर के पास मकान में, बंशीपुरा चौराहे के पास ठेले में, चाणक्यपुरी में कचरे में, सिद्धार्थ स्कूल सराफा बाजार में बोर्ड में, मानसिक आरोग्यशाला तिराहे के पास कबाड़ के गोदाम में, बारह बीघा की गालव कालोनी में तीसरी मंजिल की बालकनी में, डीआरडीओ लैब के पास झाड़ियों में लगी आग पर फायर ब्रिगेड ने काबू पाया।