Gwalior: अटल सागर मड़ीखेड़ा बांध के चार गेट खोले गए, सिंध नदी का तेजी से बढ़ा जलस्तर, प्रशासन ने जारी किया अलर्ट
अटल सागर मड़ीखेड़ा बांध में लगातार हो रही जल आवक और बढ़ते जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए रविवार दोपहर चार जलद्वार खोल दिए गए।
Publish Date: Mon, 21 Sep 2026 12:13:32 PM (IST)Updated Date: Mon, 21 Sep 2026 12:30:22 PM (IST)
अटल सागर मड़ीखेड़ा बांध के खोले गए गेट, नईदुनियाHighLights
- मड़ीखेड़ा बांध के चार गेट खोले गए
- सिंधु नदी का तेजी से बढ़ा जलस्तर
- शहर प्रशासन ने जारी किया अलर्ट
नईदुनिया न्यूज, भितरवार। अटल सागर मड़ीखेड़ा बांध में लगातार हो रही जल आवक और बढ़ते जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए रविवार दोपहर चार जलद्वार खोल दिए गए। बांध के जलद्वारों से पानी छोड़े जाने के बाद नरवर स्थित मोहनी पिकअप वियर के गेट भी खोलकर सिंध नदी में पानी की निकासी की गई।
इससे धूमेश्वर महादेव धाम क्षेत्र में सिंध नदी का बहाव एक बार फिर तेज हो गया है और नदी उफान पर आ गई है। भितरवार क्षेत्र के नदी किनारे बसे गांवों में स्थानीय प्रशासन ने अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी है।
जल संसाधन विभाग की ओर से रविवार शाम चार बजे दी जानकारी के अनुसार तब मड़ीखेड़ा बांध का जलस्तर 346.15 मीटर था, जबकि पूर्ण जलभराव स्तर 346.25 मीटर है। बांध में 827.88 एमसीएम यानी 99.17 प्रतिशत जलभराव दर्ज किया गया है।
बढ़ते जलस्तर को स्थिर रखने के लिए दोपहर तीन बजे गेट क्रमांक पांच और छह को एक-एक मीटर तथा गेट क्रमांक चार और सात को आधा-आधा मीटर खोला गया है। चारों गेटों की कुल ओपनिंग तीन मीटर रही और इनसे 411.358 क्यूमेक्स पानी की निकासी प्रति सेकंड हो रही है।
इसके अलावा पावर हाउस से 135.42 क्यूमेक्स पानी छोड़ा जा रहा था। इस तरह मड़ीखेड़ा बांध से कुल आउटफ्लो 546.778 क्यूमेक्स यानी कि कुल 19307 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज दर्ज किया गया है।