
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के ट्रामा सेंटर दौरे के बाद गजराराजा मेडिकल कॉलेज (जीआरएमसी) के डीन डॉ. आरकेएस धाकड़ को वकील मनोज शर्मा द्वारा थप्पड़ मारे जाने के विरोध में जूनियर डाक्टर्स एसोसिएशन (जूडा) ने बुधवार को ओपीडी के समय पेन डाउन हड़ताल का ऐलान किया है। जूनियर डॉक्टर ओपीडी में मरीजों को सेवाएं नहीं देंगे। सिर्फ मानसिक रोग विभाग में नियमित सेवाएं जारी रहेंगी।
घटना से नाराज जूनियर डॉक्टरों ने इसे सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला बताया है। जूडा ने पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर बुधवार दोपहर 12 बजे तक जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने की मांग की है। जूडा अध्यक्ष डॉ. धुआंराम गुर्जर ने कहा कि जब मेडिकल कॉलेज के डीन के साथ ही बाहरी व्यक्ति इस तरह की घटना को अंजाम दे सकता है, तो दूसरे डाक्टरों की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा।
बुधवार को जूडा की पेन डाउन हड़ताल के कारण ओपीडी में आने वाले मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। जूनियर डॉक्टरों के काम नहीं करने से मरीजों को परामर्श और उपचार के लिए इंतजार करना पड़ सकता है। अस्पताल अधीक्षक डॉ. सुधीर सक्सेना का कहना है जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल को देखते हुए सभी विभागाध्यक्षों को पत्र लिखकर आवश्यकता अनुसार चिकित्सकों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए हैं।
यह भी पढ़ें- दिग्विजय-सिंधिया में फिर जुबानी जंग, ज्योतिरादित्य बोले- दिग्विजय को भूलने की आदत, पूर्व सीएम ने भी किया पलटवार