ग्वालियर के नए ISBT से राजस्थान रोडवेज की एंट्री, जयपुर-भरतपुर समेत कई शहरों के लिए बसें शुरू
ग्वालियर के नए आइएसबीटी से राजस्थान रोडवेज की पांच बसों का संचालन शुरू हुआ। जयपुर, धौलपुर, भरतपुर सहित कई शहरों के लिए कनेक्टिविटी बढ़ेगी, मांग बढ़ने ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 25 Sep 2026 11:19:32 AM (IST)Updated Date: Fri, 25 Sep 2026 11:19:32 AM (IST)
ग्वालियर के नए ISBT से राजस्थान रोडवेज की एंट्री। (एआई जनरेटेड)HighLights
- नए आइएसबीटी से राजस्थान रोडवेज की पांच बसें संचालित शुरू।
- जयपुर, धौलपुर, भरतपुर सहित कई रूटों की कनेक्टिविटी बढ़ी।
- यात्रियों की मांग बढ़ने पर दस अतिरिक्त बसें चलेंगी।
-पहले चरण में शुरू हुआ पांच बसों का संचालन, मांग बढ़ने पर 10 और बसें चलाने की तैयारी
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। जलालपुर स्थित नए इंटर स्टेट बस टर्मिनल (आइएसबीटी) से राजस्थान रोडवेज की बसों का संचालन शुरू हो गया है। पहले चरण में राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम की पांच बसों को नए टर्मिनल से रवाना किया गया।
अब राजस्थान से आने वाली रोडवेज बसें भी नए आइएसबीटी पहुंचेंगी और निर्धारित मार्गों के लिए यहीं से संचालित होंगी। इससे राजस्थान के साथ-साथ दिल्ली और उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों के लिए ग्वालियर से सीधी बस कनेक्टिविटी मिलेगी।
शुरुआती व्यवस्था और टिकट सुविधा
- शुरुआती व्यवस्था में ग्वालियर से जयपुर के लिए प्रतिदिन एक से दो बसें, धौलपुर के लिए एक से दो बसें तथा महावीरजी-भरतपुर और अन्य मार्गों के लिए प्रतिदिन एक बस संचालित की जा रही है। इसके अलावा आगरा, दिल्ली, कैलादेवी और अलीगढ़ के लिए भी बस कनेक्टिविटी का प्रविधान किया गया है।
यात्रियों की संख्या और मांग बढ़ने पर आने वाले समय में 10 अतिरिक्त बसें शुरू किए जाने की संभावना है। राजस्थान रोडवेज की बस सेवा शुरू होने से ग्वालियर और आसपास के अंचल के यात्रियों, श्रद्धालुओं तथा व्यापारियों को जयपुर, धौलपुर, भरतपुर, महावीरजी और कैलादेवी जैसे प्रमुख शहरों व धार्मिक स्थलों तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। राजस्थान रोडवेज की बसों के टिकट नए
- आइएसबीटी परिसर स्थित टिकट काउंटर से लिए जा सकेंगे। इसके अलावा राजस्थान रोडवेज की आनलाइन आरक्षण सुविधा से अग्रिम टिकट बुकिंग की जा सकती है। बसों के समय और मार्ग से संबंधित जानकारी के लिए धौलपुर आगार के हेल्पलाइन नंबर पर भी संपर्क किया जा सकता है।
हालांकि पहले दिन शुरूआत में बसों के लिए कम संख्या में यात्री मिल रहे हैं, लेकिन जल्द ही अपेक्षा के अनुरूप यात्री इन बसों को मिलने की संभावना जताई गई है। वर्तमान में आइएसबीटी पर मुरैना को जाने वाली बसों का ठहराव हो रहा है। इन बसों को सवारी भी आइएसबीटी से मिल जा रही हैं, लेकिन अभी भिंड जाने वाली बसें अभी पुराने बस स्टैंड से ही संचालित हो रही हैं। सुगम परिवहन के लिए पुराना बस स्टैंड ही चिह्नित
- उधर मुख्यमंत्री सुगम परिवहन योजना के अंतर्गत ग्वालियर क्षेत्र में बस सेवाओं के संचालन की सूची जारी की गई है। इसके अंतर्गत ग्वालियर और भिंड के बीच बस सेवाओं को चिह्नित किया गया है, जिसमें 14 बसों का संचालन किया जाएगा।
- इसमें भिंड-ग्वालियर के बीच छह बसें, लहार-ग्वालियर के बीच दो, अटेर-ग्वालियर के बीच दो, भिंड-मौ के बीच दो और भिंड-लहार के बीच दो बसों का संचालन किया जाएगा। इस योजना के अंतर्गत बसों के संचालन के लिए पुराने बस स्टैंड को ही चिह्नित किया गया है। हालांकि अधिकारियों के मुताबिक इसे आइएसबीटी से संचालित करने की कवायद की जाएगी।
राजस्थान रोडवेज की बसों का संचालन शुरू
आइएसबीटी से राजस्थान रोडवेज की बसों का संचालन शुरू हो गया है, शुरू में यात्री कम हैं यह धीरे धीरे बढ़ेंगे। इसके अलावा अन्य रूटों की बसों को भी लगातार आइएसबीटी से होकर निकालने का प्रयास किया जा रहा है। विक्रमजीत सिंह कंग, आरटीओ ग्वालियर