नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। तानसेन संगीत समारोह से एक दिन पहले यानि 14 दिसम्बर की इंटक मैदान में उप शास्त्रीय संगीत कार्यक्रम “गमक सभा" में इस बार पार्श्व गायिका साधना सरगम की प्रस्तुति होगी। जिन्होंने “पहला नशा पहला खुमार”, “सात समुंदर पार”, “चंदा रे चंदा”, “सलाम ए इश्क”, “अंगना में बाबा” और “दर्द करारा” जैसे फिल्मी गीतों का गायन किया है।
14 से 19 दिसम्बर तक आयोजित होने जा रहे 102वें तानसेन संगीत समारोह 2026 को लेकर संभाग आयुक्त मनोज खत्री की अध्यक्षता में स्थानीय समिति की बैठक संभागायुक्त कार्यालय मैं आयोजित की गई।
बैठक में कलेक्टर रुचिका चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह, उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत एवं कला अकादमी के निदेशक प्रकाश सिंह ठाकुर, राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय की कुलगुरू स्मिता सहस्त्रबुद्धे, जिला पंचायत सीईओ सोजान सिंह रावत, नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी सहित समिति के सदस्यगण एवं शहर के संगीत व कला मर्मज्ञों मौजूद थे।
15 दिसम्बर को प्रात:काल पारंपरिक ढंग से एवं सायंकाल होगा औपचारिक शुभारंभ
समारोह का औपचारिक आगाज 15 दिसम्बर को होगा। इस दिन सुबह 10 बजे हजीरा स्थित सुर सम्राट तानसेन की समाधि पर शहनाई वादन, ढोलीबुआ महाराज की हरिकथा एवं मीलाद वाचन से समारोह का पारंपरिक शुभारंभ होगा।
सायंकाल समारोह की मुख्य सभाओं के लिए बनाए गए भव्य मंच पर औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा। साथ ही इस अवसर पर “राष्ट्रीय तानसेन सम्मान” एवं “राष्ट्रीय राजा मानसिंह सम्मान” समारोह भी प्रस्तावित है।
मुख्य समारोह में 10 संगीत सभाएं होंगीं, बेहट और गूजरी महल में भी गूंजेंगे सुर
तानसेन संगीत समारोह में इस साल 10 संगीत सभाएं होंगी। पहली सभा 15 दिसंबर को सायंकाल तानसेन समाधि परिसर में बनाए गए भव्य मंच पर सजेगी। इसके बाद हर दिन यहीं पर प्रातः एवं सायंकालीन सभाएं होंगी। समारोह के आखिरी दिन यानि 19 दिसंबर को प्रातःकालीन सभा संगीत शिरोमणि तानसेन की जन्मस्थली बेहट में और इस साल के समारोह की अंतिम संगीत सभा सायंकाल गूजरी महल परिसर में सजेगी।
अन्य खास बातें एवं सुझाव
तानसेन संगीत समारोह में आने-जाने के लिये रसिकों को महाराज बाड़ा एवं शहर के अन्य स्थानों पर बस सुविधा उपलब्ध कराई जायेगी।
इस बार वादी-संवादी का आयोजन समारोह से पहले यानि 13 व 14 दिसम्बर को होगा।
स्थानीय कलाकारों का चयन प्रतियोगिता के माध्यम से भी किया जायेगा।
संभागीय आयुक्त ने चलित शील्ड के आधार पर प्रतियोगिता आयोजित करने का सुझाव दिया।