_m.webp)
Gwalior News: ग्वालियर, नईदुनिया प्रतिनिधि। कई महीनों से फरार चल रहे दुष्कर्म के आरोपित को क्राइम ब्रांच और महिला थाने की टीम ने आगरा-धौलपुर रोड पर मनिया के पास से पकड़ा है। वह गुजरात के जामनगर से दिल्ली जाने के लिए बस में सवार हुआ था। यह खबर पुलिस को मिल गई और पुलिस ने उसकी घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। आरोपित पर ग्वालियर पुलिस की ओर से 7 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
थाटीपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत साठ फुटा रोड द्वारिकाधीश कालोनी का रहने वाला कपिल उर्फ बिट्टू पुत्र लक्ष्मण चौकोटिया लंबे समय से फरार चल रहा था। उस पर महिला थाने में दुष्कर्म का मामला दर्ज था। एफआइआर होने के बाद से ही वह फरार चल रहा था। एसपी की ओर से उसकी गिरफ्तारी पर 7 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। उसने मोबाइल बंद कर रखा था, इसके चलते पुलिस उसे ढूंढ नहीं पा रही थी। राजस्थान और गुजरात के अलग-अलग शहरों में भेष बदलकर रह रहा था। उसने पुलिस को गुमराह करने के लिए कभी दाढ़ी बढ़ाई तो कभी बाल।
पुलिस को सूचना मिली कि वह जामनगर से जयपुर होते हुए दिल्ली जाएगा। जामनगर से जयपुर फिर जयपुर से आगरा की ओर आएगा। फिर वह दिल्ली जाएगा। उसकी बस का नंबर भी पुलिस को मिल गया। इसके बाद क्राइम ब्रांच प्रभारी अजय पवार, महिला थाना प्रभारी दीप्ति तोमर और उनकी टीम आरोपित की घेराबंदी में लग गए। जयपुर से आगरा आने वाली बस में वह सवार हुआ। आगरा-धौलपुर रोड पर मनिया के पास पुलिस ने बस को घेर लिया। बस के अंदर से आरोपित को पकड़ लिया। उसने पुलिस का विरोध किया। फिर टीम उसे लेकर ग्वालियर आई।