
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। महाराज बाड़ा स्थित इंडस्ट्रियल म्यूजियम में रखी पुरानी प्रिंटिंग मशीनों की जानकारी अब पर्यटकों को मोबाइल पर मिलेगी। स्मार्ट सिटी इन मशीनों पर क्यूआर कोड लगाएगी। इन्हें स्कैन करने पर मशीन का इतिहास और अन्य विवरण मोबाइल पर उपलब्ध होगा।
शनिवार को स्मार्ट सिटी सीईओ व अपर आयुक्त नगर निगम टी. प्रतीक राव ने म्यूजियम सहित विभिन्न परियोजनाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों को यह निर्देश दिए। सीईओ ने म्यूजियम की सभी गैलरियों का निरीक्षण कर स्वच्छता और रखरखाव व्यवस्था की समीक्षा की।
उन्होंने तीन वर्ष के डिफेक्ट लायबिलिटी पीरियड (डीएलपी) के तहत सिविल फिनिशिंग, टाइल्स, दीवारों के पेंट और रनिंग स्पाट्स में आवश्यक मरम्मत संबंधित ठेकेदार से तत्काल कराने के निर्देश दिए।
गैलरियों में अनधिकृत प्रवेश रोकने के लिए साइन बोर्ड लगाने को भी कहा। साथ ही एमपीआइडीसी सहित औद्योगिक संस्थाओं से समन्वय कर प्रदर्शन योग्य सामग्री जुटाने के निर्देश दिए।
इसके बाद पुराने नगर निगम मुख्यालय के रिनोवेशन कार्य का निरीक्षण किया। भवन में बनी दुकानों और हाल के आवंटन की जानकारी लेने के साथ संचालनकर्ता वेंडर से गतिविधियों की विस्तृत कार्ययोजना जल्द प्रस्तुत करने को कहा।
यह भी पढ़ें- नेशनल लोक अदालत में एक मिनट में निपट गया 33 लाख रुपए का मामला, एक रुपए में हुआ राजीनामा
सीईओ ने डिजिटल लाइब्रेरी में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं से संवाद कर सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने लाइब्रेरी की व्यवस्थाओं को और बेहतर करने के निर्देश दिए।
लेडीज पार्क में योगा हाल के रिनोवेशन कार्य का निरीक्षण करते हुए छत के काम को लेकर सीईओ ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को खामी जल्द दूर कराने के निर्देश दिए। पार्क में सफाई और विद्युत व्यवस्था सुधारने के लिए भी आवश्यक निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य अधिकारियों पर की कार्रवाई
शनिवार को निरीक्षण में सुलभ शौचालय से लेकर एसबीआइ बैंक, पुस्तकालय और नजरबाग मार्केट तक कई जगह गंदगी मिली। नाराज अपर आयुक्त ने लापरवाही पर जोनल हेल्थ आफिसर जोन क्रमांक 19 और वार्ड हेल्थ आफिसर वार्ड क्रमांक 50 के स्थानांतरण के निर्देश दिए।
संबंधित सहायक स्वास्थ्य अधिकारी का सात दिन का वेतन काटने के आदेश भी दिए गए। नजरबाग मार्केट के निरीक्षण में अधिकांश दुकानदारों के पास डस्टबिन नहीं मिले। कई स्थानों पर कचरा पड़ा होने पर अपर आयुक्त ने नाराजगी जताई और सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें- नेशनल लोक अदालत में एक मिनट में निपट गया 33 लाख रुपए का मामला, एक रुपए में हुआ राजीनामा