
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर: शीतला माता मंदिर पर हुए भीषण हादसे के बाद अब जिला प्रशासन अलर्ट मोड में हैं। त्यौहारी सीजन है और आगामी आने वाले दिनों में बड़े त्यौहार आ रहे हैं जिसमें धनतेरस दीपावली अगले माह हैं। इस बार पहले से ही इन त्यौहारों को लेकर बाजार से लेकर अलग अलग स्थानों पर निगरानी, नियंत्रण की तैयारी शुरू कर दी गई है।
बिजली कंपनी से लेकर नगर निगम जैसी एजेंसियों को पहले से ही अलर्ट किया जा रहा है वे ऐसे स्थानों पर व्यवस्थाएं पहले ही सुनिश्चित कर लें जहां भीड़ भाड़ अधिक रहती है। इस तैयारी के पीछे मूल मकसद भीड़ प्रबंधन करना है जिससे किसी भी तरह भीड़ में अप्रिय स्थिति पैदा न हो।
शीतला मंदिर हादसे के बाद इसी माह तैयारी में अधिकारी लग गए हैं, सामान्यत: बड़े त्यौहार से चार पांच दिन पहले यह तैयारियां की जाती थीं। वहीं बुधवार को सीएम ने भी वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान जिलों के अधिकारियों को अलर्ट किया है और निर्देश दिए हैं त्यौहारों पर कानून व सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई चूक नहीं होना चाहिए इसके लिए कलेक्टर व एसपी जिम्मेदार होंगे।
यह भी पढ़ें- शीतला माता मंदिर हादसा: 14 वर्षीय शैलेन्द्र को भी भेजा गया भोपाल एम्स, जीतू पटवारी ने जाना घायलों का हालचाल
त्यौहार के दौरान ऐसे स्थान जैसे बाजार, आतिशबाजी मेले, फुटपाथ कारोबार वाले स्थान से लेकर सार्वजनिक स्थलों पर सड़क, बिजली व रोशनी से लेकर सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था हो, इसको लेकर संबंधित एजेंसियों को अलर्ट किया जा रहा है। दीपावली त्यौहार से पहले के दिनों में बाजारों में काफी भीड़ भी रहती है।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर शीतला माता मंदिर हादसे के तीन दिन बाद तिघरा थाना प्रभारी लाइन हाजिर, एसएसपी ने की बड़ी कार्रवाई