
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शीतला माता मंदिर हादसे के तीन दिन बाद तिघरा थाना प्रभारी शिवराम कंसाना को लाइन हाजिर कर दिया गया है। शीतला माता मंदिर पर जिस रात हादस हुआ, तब रात 11 से सुबह छह बजे तक प्रभारी अधिकारी निरीक्षक शिवराम कंसाना ही थे। इस हादसे के तीन दिन बाद तिघरा थाना प्रभारी को लाइन हाजिर किया गया है। इसलिए यह कार्रवाई मंदिर हादसे से जोड़कर ही देखी जा रही है।
हालांकि एसएसपी धर्मवीर सिंह का कहना है- तिघरा थाना प्रभारी शिवराम कंसाना की ड्यूटी के प्रति कई लापरवाही सामने आई हैं। डकैत कल्ली गुर्जर सहित अन्य मामलों में अपेक्षित जरूरी कार्रवाई नहीं की गई। जिसके चलते थाने से हटाकर लाइन हाजिर किया गया है। बीते रोज तिघरा बांध पर प्रतिबंधित क्षेत्र में दो युवकों की पानी में डूबने से मौत भी हो गई थी। इसमें भी तिघरा थाना प्रभारी और उनकी टीम की लापरवाही है।
लेकिन पुलिस महकमे में इस कार्रवाई को लेकर यही चर्चा है। इसके पीछे कारण है- कल्ली गुर्जर करीब एक साल से फरार चल रहा था। उसके बाद उसने ग्वालियर के घाटीगांव इलाके में गोलीकांड किया। अधिकांश समय मूवमेंट तिघरा क्षेत्र में ही रहा। इसके बाद भी थाने से नहीं हटाया गया।
शीतला माता मंदिर ड्यूटी का चार्ट नईदुनिया के पास है। इसमें रात 11 से सुबह छह बजे तक समस्त सुरक्षा का प्रभारी शिवराम कंसाना को बनाया गया है। शनिवार-रविवार की रात हादसा होने के अगले ही दिन सीएसपी रवि भदौरिया सहित नौ पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की गई। ट्रैफिक निरीक्षक राघवेंद्र जादौन ट्रैफिक के प्रभारी अधिकारी थे, इसलिए उन्हें निलंबित किया गया। लेकिन निरीक्षक शिवराम कंसाना पर उस दिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसलिए इस कार्रवाई को शीतला माता मंदिर हादसे से जोड़कर देखा जा रहा है।
झांसी रोड थाना प्रभारी निरीक्षक सुरभि शर्मा, धर्मेंद्र जोनवार को थाना प्रभारी आंतरी, साधु सिंह गुर्जर को थाना प्रभारी डबरा देहात, डबरा देहात थाना प्रभारी आसिफ मिर्जा बेग को थाना प्रभारी तिघरा, का.निरीक्षक बलविंदर ढिल्लन को थाना प्रभारी महिला थाना बनाया गया है।
शीतला माता मंदिर हादसे का जिम्मेदार ट्रक चालक दिलबाग सिंह से पुलिस पूछताछ कर रही है। उसने आगे चल रहे ट्रक चालक पर जिम्मेदारी टाली। उसने कहा कि वही आगे चल रहा था। उसी के कहने पर ट्रक लेकर पीछे आया। दूसरा ट्रक चालक फरार है, लेकिन पुलिस ने ट्रक पकड़ लिया है। अब उसके चालक की तलाश चल रही है। ट्रक कंपू थाने में खड़ा है।
यह भी पढ़ें- शीतला माता मंदिर हादसा: 14 वर्षीय शैलेन्द्र को भी भेजा गया भोपाल एम्स, जीतू पटवारी ने जाना घायलों का हालचाल
निरीक्षक शिवराम कंसाना को लाइन हाजिर शीतला माता मंदिर हादसे में नहीं किया गया है। पूर्व में उनकी कई लापरवाही रही हैं, इसके चलते थान से हटाया गया है। कई मामलों में अपेक्षित कार्रवाई नहीं की। धर्मवीर सिंह एसएसपी
यह भी पढ़ें- मुरैना में हाईवे पर दर्दनाक हादसा: चेकिंग के दौरान बेकाबू मिनी लोडिंग ने कॉन्स्टेबल को रौंदा, अस्पताल में तोड़ा दम