ग्वालियर में पटाखों की चिंगारी बच्चों के चेहरों पर छोड़ गई जख्म, दो दिन में पांच बच्चे बर्न वार्ड में भर्ती
ग्वालियर में आतिशबाजी से कई लोग झुलसे, जिनमें जेएएच में 5 बच्चे भर्ती हैं। ज्यादातर बच्चों के चेहरे और आंखों पर चोटें आई हैं। 50 से अधिक मामले सामने आए।
Publish Date: Tue, 10 Nov 2026 08:23:27 AM (IST)Updated Date: Tue, 10 Nov 2026 08:23:27 AM (IST)
ग्वालियर में पटाखों की चिंगारी बच्चों के चेहरों पर छोड़ गई जख्म। (नईदुनिया)HighLights
- ग्वालियर में आतिशबाजी से 50 से अधिक लोग झुलसे।
- जेएएच के बर्न वार्ड में चेहरे झुलसे 5 बच्चे भर्ती।
- बच्चों को आंख खोलने में दिक्कत और पलकों पर सूजन।
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। दीपावली पर पटाखों की आतिशबाजी का उत्साह कुछ परिवारों के लिए दर्दनाक अनुभव बन गया। पटाखों से निकली आग और चिंगारी की चपेट में आकर बच्चे झुलस गए। जयाआरोग्य अस्पताल के बर्न एवं प्लास्टिक सर्जरी विभाग में पिछले दो से तीन दिनों में पांच बच्चों को भर्ती किया गया है।
इनमें अधिकांश के चेहरे झुलसे हैं। किसी बच्चे को आंख खोलने में परेशानी हो रही है तो किसी की आंख के आसपास सूजन आ गई है। इसके अलावा करीब 30 मरीजों को इमरजेंसी में प्राथमिक उपचार दिया गया, जिन्हें भर्ती करने की जरूरत नहीं पड़ी। वहीं रतन ज्योति नेत्रालय में 20 लोग उपचार के लिए पहुंचे।
पटाखे की चपेट में आए कई बच्चे
- शिवपुरी जिले के नरवर क्षेत्र के ग्राम सीहोर निवासी आठ वर्षीय अभि सिंह गुर्जर सात नवंबर को दोपहर करीब 12 बजे पटाखे की चपेट में आकर झुलस गया। पिता सत्याभान उसे भितरवार के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जेएएच रेफर किया गया। बच्चे के चेहरे पर करीब आठ से नौ प्रतिशत तक जलने के निशान हैं। घटना के बाद से उसे बाईं आंख खोलने में परेशानी हो रही है।
- डबरा के ढीमर मोहल्ला निवासी 11 वर्षीय वंश बाथम भी आठ नवंबर को रात करीब एक बजे पटाखे से झुलस गया। उसे चेहरे पर जलने के साथ दोनों आंखें खोलने में परेशानी होने पर बर्न वार्ड में भर्ती कराया गया। ग्वालियर के पंचशील नगर निवासी डेढ़ वर्षीय अभिषेक मौर्य गर्म तरल पदार्थ से झुलस गया। उसके बाएं हाथ के अगले हिस्से में जलने के निशान हैं। वहीं सिरोल क्षेत्र के आठ वर्षीय जय वाल्मीकि टर्पिन तेल से लगी आग की चपेट में आकर चेहरे पर झुलस गया। उसकी दाईं आंख के आसपास सूजन है और आंख खोलने में परेशानी हो रही है। इसके अलावा दतिया निवासी पांच वर्षीय रुद्रांश शर्मा भी भर्ती बच्चों में शामिल है।
चेहरे और आंखों पर चोट से बढ़ी चिंता
बर्न एवं प्लास्टिक सर्जरी विभाग के नोडल अधिकारी डा. मुकेश सिंह नरवरिया ने बताया कि विभाग में पहुंचे बच्चों के मामलों में चेहरे और आंखों के आसपास जलने की चोट सामने आई है। पटाखों से निकलने वाली चिंगारी और आग बच्चों के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। खासकर चेहरे के आसपास जलने पर आंखों की पलकें, त्वचा और अन्य संवेदनशील हिस्से प्रभावित हो सकते हैं। ऐसे मामलों में समय पर अस्पताल पहुंचना जरूरी है।
यह भी पढ़ें- दीवाली के बाद ग्वालिर में बढ़ा प्रदूषण, AQI 355 दर्ज; दीनदयाल नगर की हवा सबसे ज्यादा खराब