दीवाली के बाद ग्वालियर की सड़कों पर 800 टन कचरा, अवकाश पर रहे सफाई कर्मचारी
ग्वालियर में दीपावली के अगले दिन सफाई कर्मियों के अवकाश से 700-800 टन कचरा जमा हो गया। वैकल्पिक व्यवस्था न होने से शहर की सड़कों और कॉलोनियों में गंदगी के ढेर लग गए।
Publish Date: Tue, 10 Nov 2026 09:00:45 AM (IST)Updated Date: Tue, 10 Nov 2026 09:00:45 AM (IST)
दीवाली के बाद ग्वालियर की सड़कों पर 800 टन कचरा। (नईदुनिया)HighLights
- ग्वालियर में सफाई कर्मचारियों के अवकाश से नहीं उठा कचरा।
- शहर के 66 वार्डों में जमा हुआ 800 टन कचरा।
- निगम ने कचरा उठाने की नहीं की कोई वैकल्पिक व्यवस्था।
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर: दीपावली के अगले दिन शहर की सड़कों, गली-मोहल्लों और बाजारों में कचरे के ढेर नजर आए। दीपावली के दिन सुबह नगर निगम के सफाई अमले ने काम किया, लेकिन सोमवार को कर्मचारी अवकाश पर रहे। न झाड़ू लगी और न ही डोर-टू-डोर टिपर वाहन घरों से कचरा लेने पहुंचे। आतिशबाजी के बाद निकले कचरे और अन्य अपशिष्ट के कारण 66 वार्डों में करीब 700-800 टन कचरा जमा हो गया।
कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं
- नगर निगम ने त्योहार से पहले कचरा संग्रहण के लिए अतिरिक्त प्रयास किए थे, लेकिन कर्मचारियों के अवकाश पर रहने के वर्षों पुराने चलन के बीच कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई। दीपावली के दौरान निगम के वाहन रोज 700-800 टन कचरा लैंडफिल साइट तक पहुंचा रहे थे।
आम दिनों में शहर से 450 से 500 टन कचरा वहां पहुंचता है। त्योहार के समय आतिशबाजी के अवशेष, केले के पेड़, आम की पत्तियां और अन्य कचरे के कारण मात्रा बढ़ गई। अब मंगलवार को सफाई अमले को दो दिन का कचरा उठाना होगा। इन इलाकों में रही सबसे ज्यादा गंदगी
- शहर की लगभग हर कालोनी और मुख्य सड़कों पर जगह-जगह कचरे के ढेर दिखाई दिए। मुरार सदर बाजार, थाटीपुर थाने के पास, जयेंद्रगंज, मोती तबेला के बाहर, बैजाताल, रोशनी घर रोड, माधव नगर, चंबल कालोनी, गोविंदपुरी मार्ग, मयूर मार्केट, कुम्हरपुरा सब्जी मंडी, शिंदे की छावनी और लश्कर के विभिन्न क्षेत्रों में गंदगी रही।
हजीरा, किलागेट, कलेक्ट्रेट मार्ग से हाइवे तक, हुरावली रोड, हुरावली से बड़गांव मार्ग, सचिन तेंदुलकर मार्ग, तानसेन रोड, तानसेन नगर, दीनदयाल नगर, शताब्दीपुरम, महाराज बाड़ा मार्ग, गोला का मंदिर, महलगांव और कर्मचारी आवास सहित अन्य स्थानों पर भी कचरा पड़ा रहा। यह भी पढ़ें- ग्वालियर में पटाखों की चिंगारी बच्चों के चेहरों पर छोड़ गई जख्म, दो दिन में पांच बच्चे बर्न वार्ड में भर्ती
सफाई का संदेश देने चला था अभियान
दीपावली के दिन सफाई कर्मचारी सुबह और शाम रिहाइशी व व्यावसायिक इलाकों में सफाई के लिए निकले थे और घरों से निकले कचरे को लैंडफिल साइट तक पहुंचाने में जुटे रहे। सफाई का संदेश देने के लिए निगम अधिकारियों और शहर के जनप्रतिनिधियों ने महाराज बाड़ा क्षेत्र में अभियान भी चलाया।