
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। दस दिन पहले तक जहां तिघरा बांध का जल स्तर चिंताजनक था, अब वही बांध फुल टैंक लेवल की ओर पहुंच रहा है। शनिवार-रविवार की दरमियानी रात घाटीगांव स्थित कैचमेंट एरिया में हुई तेज वर्षा के चलते 24 घंटों के अंदर बांध में 929 एमसीएफटी पानी आया है, जिससे बांध का जल स्तर 4.80 फीट बढ़ गया।
रविवार रात 10 बजे तक बांध का जल स्तर 738.20 फीट पर पहुंच गया था। इसके बावजूद बांध में पानी की आवक बनी हुई थी। इसके चलते जलसंसाधन विभाग ने बांध से पानी निकासी वाले निचले इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया कि बांध के गेट खोलकर पानी सांक नदी में छोड़ा जाएगा।
लोगों को किया गया अलर्ट
सांक नदी के किनारे बसे हुए गांव के लोगों को सतर्क रहने व नदी किनारे न जाने के लिए कहा गया है। डाउन स्ट्रीम के ग्राम तिघरा, कैथा, तालपुरा, महिदपुर, पृथ्वीपुर, कुलैथ, अगरा भटपुरा, दुगनावली व तिलघना के अलावा मुरैना जिले के पहाड़ी, जखौदा और बामौर में भी अलर्ट जारी कर दिया गया।
इसी के साथ अब शहर में पेयजल आपूर्ति की चिंता खत्म हो गई है। वर्तमान आपूर्ति के लिहाज से बांध में अब 447 दिनों का पानी मौजूद है। तिघरा की कुल जल संग्रहण क्षमता का 88 प्रतिशत बांध भर चुका है, यही कारण है कि रविवार को बांध से आधा एमसीएफटी पानी शहर में आपूर्ति के लिए बढ़ाया गया है।
तिघरा बांध अब सिर्फ 1.8 फीट खाली है। उधर बांध की अप स्ट्रीम में बना अपर ककैटो बांध रविवार को फिर ओवरफ्लो होने लगा। ऐसे में शाम के समय बांध के सातों गेट खोलकर 803.42 क्यूमेक्स पानी को पार्वती नदी द्वारा हरसी बांध की ओर छोड़ा गया।
यह भी पढ़ें- सीधी में भाजपा नेता की कार से तीन तेंदुओं की खाल बरामद, ग्वालियर संभाग के शिकारी गिरोह से जुड़े तार
झमाझम बारिश से बदली स्थिति
ऊपर के तीनों बांध छलके, तिघरा में पहुंच रहा पानीबीते 48 घंटे में हुई झमाझम वर्षा ने घाटीगांव और मोहना क्षेत्र के बांधों की स्थिति बदल दी। पेहसारी, ककैटो और अपर ककेटो बांध पूरी तरह भरकर ऊपर से पानी बहा रहे हैं।
इन बांधों से लगातार पानी छोड़ा जा रहा है। यह पानी पार्वती और सांख नदी के पिकअप वियर से होते हुए हरसी बांध तक पहुंचाया जा रहा है। वहीं तिघरा के जलग्रहण क्षेत्र में लगातार हो रही वर्षा से भी जलाशय में तेज आवक बनी हुई है।
जल संसाधन विभाग के अधिकारियों के अनुसार कैचमेंट एरिया में वर्षा और ऊपर के बांधों से पानी की आवक जारी रही तो तिघरा को फुल टैंक लेवल पर पहुंचने में समय नहीं लगेगा। ऐसे में रविवार देर रात या सोमवार सुबह बांध के गेट खोलने की तैयारी है।
यह भी पढ़ें- शिक्षकों के सामने नई तकनीकी आफत, ई-अटेंडेंस ऐप पर मांगी जा रही सख्त लीगल अंडरटेकिंग, कार्रवाई का डर