
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। ग्वालियर व्यापार मेले को इस बार पिछले वर्षों की तुलना में करीब दस दिन पहले शुरू करने की तैयारी है। मेला 15 दिसंबर से 15 फरवरी तक आयोजित किया जाना प्रस्तावित है। इसके लिए परिसर में तैयारियां शुरू हो गई हैं।
झूला सेक्टर में झूलों को कसने का काम चल रहा है और दुकानदारों ने भी दुकानें तैयार करना शुरू कर दिया है। इसके बावजूद 15 दिसंबर से मेले का विधिवत शुभारंभ हो पाएगा या नहीं, इस पर संशय बना हुआ है। इसकी बड़ी वजह अधिकांश कारोबारियों का दूसरे राज्यों और मध्यप्रदेश के अन्य शहरों में आयोजित मेलों में व्यस्त होना है।
ग्वालियर मेले में दुकानें लगाने वाले कई व्यापारी फिलहाल दूसरे शहरों के मेलों में कारोबार कर रहे हैं। इन मेलों का समापन 20 दिसंबर के बाद शुरू होगा। ऐसे में कई व्यापारी इसके बाद ही ग्वालियर पहुंच सकेंगे। उन्हें दुकानें लगाने और कारोबार शुरू करने के लिए भी समय चाहिए। इसलिए मेले की प्रस्तावित शुरुआत और अधिकतर दुकानों के तैयार होने के बीच अंतर नजर आ रहा है।
मेला प्राधिकरण ने दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया लगभग पूरी कर ली है। दुकानदारों ने भी अपनी जगह पर दुकानें तैयार करने की तैयारी शुरू कर दी है। दूसरे मेलों से लौटने वाले व्यापारियों के आने के बाद ही परिसर में दुकानों की रौनक बढ़ेगी। शुरुआती दिनों में परिसर का कितना हिस्सा कारोबार के लिए तैयार होगा, यह उनकी वापसी पर निर्भर करेगा।
मेले की तैयारियों के तहत झूला सेक्टर में झूलों को कसने और स्थापित करने का काम शुरू हो गया है। प्राधिकरण ने परिसर में सफाई भी शुरू करा दी है। इस बार मेले में तीन नए शौचालय बनाए गए हैं, ताकि दुकानदारों और सैलानियों को मूलभूत सुविधाएं मिल सकें।
यह भी पढ़ें- FIR में भारी-भरकम आरोप, असलियत कुछ और... MP हाईकोर्ट में दहेज प्रताड़ना के मामलों में लगातार बरी हो रहे आरोपी
आवंटन की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। परिसर की साफ-सफाई का काम भी चल रहा है। कुछ दुकानदार दुकान तैयार करने का काम शुरू कर चुके हैं। ऐसे में समय पर मेला लगने की संभावना बन रही है। सुनील त्रिपाठी, सचिव, मेला प्राधिकरण