
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। दिन में तेज धूप के कारण तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है, वहीं रात का तापमान भी राहत देने के बजाय सामान्य से अधिक दर्ज हो रहा है। बुधवार को शहर में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.2 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 2.5 डिग्री अधिक है।
ऐसे में लोगों को सुबह से ही मौसम में गर्मी और नमी का असर महसूस हुआ। सुबह 5:30 बजे तापमान 24.6 डिग्री और 8:30 बजे 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जैसे-जैसे धूप तेज हुई, तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हुई। सुबह 11:30 बजे तापमान 32.6 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि दोपहर 2:30 बजे यह बढ़कर 35.4 डिग्री सेल्सियस हो गया। शाम 5:30 बजे तापमान 31.6 डिग्री दर्ज किया गया।
ग्वालियर में तापमान के साथ वातावरण में नमी भी अधिक रही। दोपहर 12 बजे सापेक्ष आर्द्रता 66 प्रतिशत दर्ज की गई, जो सामान्य से नौ प्रतिशत अधिक है। सुबह तीन बजे सापेक्ष आर्द्रता 86 प्रतिशत रही, जो सामान्य से 16 प्रतिशत अधिक थी। अधिक नमी के कारण सुबह के समय वातावरण में उमस रही और धूप निकलने के बाद गर्मी का असर बढ़ गया। जिससे लोग परेशान नजर आए।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर में आज कई इलाकों में बिजली कटौती, जनकगंज-महादजी नगर और अल्कापुरी में 2 बजे तक रहेगी सप्लाई बंद
दिन में अधिकतम तापमान 36 डिग्री रहने के बावजूद शाम 5:30 बजे तापमान 31.6 डिग्री दर्ज किया गया। इससे शाम के समय भी गर्मी का असर बना रहा। रात में न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री रहने से लोगों को पूरी तरह ठंडक महसूस नहीं हो रही है। मौसम में नमी अधिक होने के कारण रात और सुबह के समय उमस भी महसूस हो रही है।