_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान अर्णब का असर ग्वालियर-चंबल अंचल के मौसम पर दिखाई दे रहा है। पिछले दो दिन से आसमान में बादल छाए हुए हैं और रुक-रुककर वर्षा हो रही है। शुक्रवार को सुबह से ही बादलों ने आसमान में डेरा जमाए रखा।
दिनभर रिमझिम वर्षा का सिलसिला चलता रहा। इसका असर तापमान पर भी पड़ा। शुक्रवार को अधिकतम तापमान गुरुवार के मुकाबले 7.8 डिग्री गिरकर 22.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। यह सामान्य से 10.1 डिग्री कम रहा। वर्षा और ठंडी हवाओं के चलते दिन में भी लोगों को हल्की ठंड का अहसास हुआ।
मौसम में आए इस बदलाव का असर न्यूनतम तापमान पर भी दिखा। हालांकि, शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.7 डिग्री अधिक था।
गुरुवार को न्यूनतम तापमान 20.7 डिग्री और अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस रहा था। वहीं बुधवार को अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। तीन दिनों के दौरान दिन के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की गई।
सुबह से ही वातावरण में बनी रही नमी
शुक्रवार को सुबह से ही वातावरण में नमी बनी रही। सुबह 5:30 बजे तापमान 21.6 डिग्री और सुबह 8:30 बजे भी 21.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोपहर 2:30 बजे तापमान केवल 22.2 डिग्री तक पहुंच सका। शाम 5:30 बजे भी पारा 22.4 डिग्री सेल्सियस पर बना रहा। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार शुक्रवार को सुबह के समय आर्द्रता 96 प्रतिशत तक पहुंच गई थी। वर्षा के कारण वातावरण में ठंडक बनी रही।
यह भी पढ़ें- MP से UP का सफर आसान, ग्वालियर-इटावा फोरलेन का सीमांकन शुरू, राजस्व विभाग करेगा सत्यापन
तीन दिन में बदला मौसम का मिजाज
बुधवार को अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस था, जो गुरुवार को घटकर 30.4 डिग्री और शुक्रवार को 22.6 डिग्री पर पहुंच गया। यानी दो दिनों में दिन के तापमान में 9 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। गुरुवार को 3.4 मिलीमीटर और शुक्रवार को सुबह के आंकड़ों के अनुसार 6.1 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इस तरह बादलों और वर्षा ने अक्टूबर के आखिरी दिनों में मौसम का मिजाज बदल दिया है।
किसानों और आमजन के लिए मौसम का बदलाव महत्वपूर्ण
अक्टूबर के अंत में हुई इस वर्षा से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं मौसम में अचानक आए बदलाव के कारण दिन और रात के तापमान में अंतर भी कम हुआ है। लगातार बादल छाए रहने और नमी बढ़ने से ठंड का अहसास बढ़ सकता है।
24 घंटे के लिए वर्षा का येलो अलर्ट जारी
वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अरुण शर्मा ने बताया कि पश्चिमी विक्षोप पंजाब के ऊपर बना होने से 31 अक्टूबर को भी हल्की वर्षा के आसार बने हुए हैं। एक नवम्बर से मौसम साफ होने की संभावना है। इसके बाद धीरे-धीरे तापमान में गिरावट आएगी। वहीं अगले 24 घंटे के लिए वर्षा का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
तापमान पर एक नजर
दिन न्यूनतम तापमान अधिकतम तापमान
बुधवार 16.1°C 31.6°C
गुरुवार 20.7°C 30.4°C
शुक्रवार 20.5°C 22.6°C
यह भी पढ़ें- ग्वालियर में कल कई इलाकों में बिजली कटौती, आनंद नगर से लेकर रजमन नगर तक आपूर्ति ठप