ग्वालियर में बाइक से रॉन्ग साइड आया युवक ट्रैफिक पुलिस से भिड़ा, ASI को मारा थप्पड़
ग्वालियर के स्टेशन बजरिया तिराहे पर रॉन्ग साइड से आए युवक की ट्रैफिक पुलिस से झड़प हो गई। एएसआई ने थप्पड़ मारा तो युवक ने भी पलटकर थप्पड़ जड़ दिया, जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने उसे पीटा।
Publish Date: Wed, 11 Nov 2026 01:46:17 PM (IST)Updated Date: Wed, 11 Nov 2026 02:00:25 PM (IST)
ग्वालियर में बाइक से रांग साइड आया युवक ट्रैफिक पुलिस से भिड़ा। (नईदुनिया)HighLights
- ग्वालियर में रॉन्ग साइड से आए युवक और पुलिस में विवाद।
- एएसआई सोने राम ने युवक को मारा थप्पड़।
- युवक ने भी पलटकर एएसआई को जड़ दिया थप्पड़।
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। स्टेशन बजरिया तिराहे पर रांग साइड से आए एक युवक की ट्रैफिक पुलिसकर्मियों से झड़प हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि सहायक उप निरीक्षक (एएसआइ) सोने राम ने युवक को थप्पड़ मार दिया।
इसके जवाब में युवक ने भी एएसआइ के गाल पर थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिस के जवानों ने युवक की प्लास्टिक के पाइप से पिटाई कर दी। बाद में युवक को उसकी बाइक सहित पुलिस के हवाले कर दिया गया।
ये है पूरा मामला
- घटना का वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि रांग साइड से आए युवक को ट्रैफिक पुलिसकर्मी रोकते हैं। इसी दौरान उनके बीच कहासुनी शुरू हो जाती है। विवाद बढ़ने पर एएसआइ सोने राम युवक को थप्पड़ मारते हैं। इसके जवाब में युवक भी एएसआइ को थप्पड़ मार देता है। इसके बाद अन्य पुलिसकर्मी युवक पर टूट पड़ते हैं और प्लास्टिक के पाइप से उसकी पिटाई करते नजर आते हैं।