
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर: जाजऊ-भांडई स्टेशनों के बीच पुल की मरम्मत के चलते झांसी-नई दिल्ली एक्सप्रेस का संचालन प्रभावित रहेगा। उत्तर मध्य रेलवे द्वारा पुल संख्या 1331/1 पर स्टील गर्डर बदलने के लिए यातायात और बिजली का ब्लाक लिया जाएगा। इसके चलते 30 नवंबर से दो दिसंबर तक ट्रेन झांसी और नई दिल्ली तक नहीं जाएगी।
रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 12279 वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-नई दिल्ली एक्सप्रेस और 12280 नई दिल्ली-वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी एक्सप्रेस का संचालन इस अवधि में आगरा कैंट स्टेशन से ही होगा। दोनों ट्रेनें प्रतिदिन चलती हैं और निर्धारित अवधि में इनकी तीन-तीन यात्राएं प्रभावित होंगी। इससे झांसी, ग्वालियर और दिल्ली के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी हो सकती है।
इससे पहले झांसी स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर बैलास्टलेस ट्रैक निर्माण के कारण दोनों ट्रेनों को 20 नवंबर से 29 दिसंबर तक ग्वालियर तक चलाने की घोषणा की गई थी। अब पुल की मरम्मत के कारण 30 नवंबर से दो दिसंबर तक ट्रेनें आगरा कैंट से ही संचालित होंगी।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर-चंबल में अगले तीन दिन गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट, अचानक मौसम हुआ सर्द
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर: बीना-आगासोद यार्ड रीमाडलिंग के चलते गुरुवार को नई दिल्ली-रानी कमलापति शताब्दी एक्सप्रेस का संचालन प्रभावित रहा। ट्रेन को रानी कमलापति स्टेशन तक ले जाने के बजाय ललितपुर में ही यात्रा समाप्त करनी पड़ी। वहीं, वापसी में रानी कमलापति-नई दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस ललितपुर स्टेशन से रवाना हुई।
इससे भोपाल और आसपास के क्षेत्रों की यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। रेलवे के निर्माण कार्यों के चलते भोपाल-ग्वालियर इंटरसिटी, ग्वालियर-एसएमवीटी बेंगलुरु एक्सप्रेस और श्रीधाम एक्सप्रेस भी निरस्त थीं। अब आज से रेल यातायात सामान्य होने की उम्मीद है। शताब्दी सहित अन्य प्रभावित ट्रेनों का नियमित संचालन बहाल होने से यात्रियों को राहत मिलेगी।
यह भी पढ़ें- त्योहार पर रेलवे ने दी यात्रियों को सौगात, जबलपुर-निजामुद्दीन के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन; ग्वालियर में भी होगा स्टॉपेज