
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ महापर्व पर ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए पश्चिम मध्य रेलवे ने जबलपुर से हजरत निजामुद्दीन के बीच साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। ट्रेन का ग्वालियर स्टेशन पर भी ठहराव रहेगा। इससे त्योहार के दौरान दिल्ली और जबलपुर की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।
रेलवे ने दोनों दिशाओं में ट्रेन के संचालन का कार्यक्रम जारी कर दिया है और आरक्षण भी शुरू हो गया है। गाड़ी संख्या 01707 जबलपुर-हजरत निजामुद्दीन स्पेशल 17 अक्टूबर से 14 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार को रात 8:20 बजे जबलपुर से रवाना होगी। वापसी में गाड़ी संख्या 01708 हजरत निजामुद्दीन-जबलपुर स्पेशल 18 अक्टूबर से 15 नवंबर तक प्रत्येक रविवार को दोपहर 3:45 बजे हजरत निजामुद्दीन स्टेशन से चलेगी।
रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए स्पेशल ट्रेन को कटनी मुड़वारा, दमोह, सागर, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी जंक्शन, ग्वालियर जंक्शन, धौलपुर जंक्शन, आगरा कैंट, मथुरा जंक्शन और कोसी कलां स्टेशनों पर ठहराव दिया है। इन स्टेशनों से यात्रा करने वाले यात्रियों को त्योहार के दौरान आवागमन के लिए अतिरिक्त ट्रेन की सुविधा मिलेगी। इससे नियमित ट्रेनों में आरक्षण नहीं मिलने पर यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर व्यापार मेले की तैयारियां शुरू, 15 दिसंबर से सजेगा ऐतिहासिक बाजार; ठेकेदारों से मंगाए आवेदन