
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। महाराज बाड़ा स्थित इंडस्ट्रियल म्यूजियम में रखी ऐतिहासिक मशीनों और औद्योगिक धरोहरों की जानकारी अब पर्यटकों को मोबाइल पर मिलेगी। ग्वालियर स्मार्ट सिटी द्वारा इन सभी प्रदर्शित सामग्रियों को बारकोड से जोड़ा जा रहा है। पर्यटक बारकोड स्कैन कर संबंधित मशीन का इतिहास, तकनीकी जानकारी और उसकी कार्यप्रणाली जान सकेंगे।
म्यूजियम में शासकीय मुद्रणालय की पुरानी मशीनों, कपड़ा उद्योग, पारंपरिक शिल्प और इंजीनियरिंग से जुड़ी सामग्रियों पर बारकोड लगाने का काम लगभग पूरा हो चुका है। फिलहाल इसकी टेस्टिंग की जा रही है। स्मार्ट सिटी के सीईओ टी. प्रतीक राव के अनुसार इस व्यवस्था से पर्यटकों को बिना गाइड के भी म्यूजियम की वस्तुओं की विस्तृत जानकारी मिल सकेगी।
इस पहल से म्यूजियम की ऐतिहासिक धरोहरों को डिजिटल रूप में संरक्षित करने और उनके प्रचार-प्रसार में भी मदद मिलेगी। उल्लेखनीय है कि स्मार्ट सिटी ने जनभागीदारी के तहत नागरिकों से पुरानी औद्योगिक वस्तुएं भी संग्रहालय में प्रदर्शित करने के लिए लेना शुरू किया है। बारकोड व्यवस्था से इन वस्तुओं का इतिहास और उन्हें संग्रहालय को सौंपने वाले लोगों का योगदान भी सामने आ सकेगा।
यह भी पढ़ें- उज्जैन में सभी सफाई मित्रों को मिलेगी 5-5 हजार रुपये सम्मान राशि, सीएम ने की बड़ी घोषणा