
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। स्वच्छता में देशभर में उज्जैन का नाम रोशन करने वाले सफाई मित्रों के सम्मान में मंगलवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आत्मीयता का अनूठा उदाहरण पेश किया। गीता भवन में आयोजित सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री ने सफाई मित्रों पर पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया। उनके बीच पहुंचकर बातचीत की, तस्वीरें खिंचवाईं और उनके साथ बैठकर भोजन किया।
मुख्यमंत्री ने प्रत्येक सफाई मित्र को पांच-पांच हजार रुपये की सम्मान राशि देने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि उज्जैन को स्वच्छता सर्वेक्षण में लगातार दूसरी बार देश में प्रथम स्थान दिलाने के पीछे सफाई मित्रों की अथक मेहनत, निष्ठा और समर्पण है। जब शहर की जनता सो रही होती है, तब ये कर्मचारी जागकर शहर को स्वच्छ बनाने में जुटे रहते हैं।
मालूम हो कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में तीन से 10 लाख आबादी वाले शहरों की श्रेणी में उज्जैन ने लगातार दूसरी बार राष्ट्रीय स्तर पर पहला स्थान हासिल किया है। नगर निगम ने इसी योगदान के प्रति आभार जताने के लिए सफाई मित्र सम्मान समारोह और सहभोज आयोजित किया। मुख्यमंत्री ने मंच से सम्मान देने के बजाय सफाई मित्रों के बीच पहुंचकर उनका अभिनंदन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सफाई मित्रों का योगदान केवल शहर को साफ रखने तक सीमित नहीं है, वे उज्जैन की प्रतिष्ठा और पहचान को भी मजबूत कर रहे हैं। कोरोना काल जैसी कठिन परिस्थितियों में भी उन्होंने अपनी जिम्मेदारी निभाई।
भगवान महाकाल की सवारी, नागपंचमी और महाशिवरात्रि जैसे बड़े आयोजनों में लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही के बीच स्वच्छता बनाए रखना आसान नहीं होता, लेकिन सफाई मित्रों ने हर बार पूरी निष्ठा से काम किया। उन्होंने कहा कि कोई काम छोटा या बड़ा नहीं होता। स्वच्छता सबकी जिम्मेदारी है, इसमें नागरिकों की सहभागिता भी जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों से वर्ष 2014 के बाद स्वच्छता देशव्यापी जनआंदोलन बनी है। अब स्वच्छता की चर्चा में मध्य प्रदेश अग्रणी राज्यों में शामिल है। राष्ट्रीय स्तर के 27 पुरस्कारों में से नौ मध्य प्रदेश को मिलना गौरव की बात है।
उज्जैन ने अपनी आबादी की श्रेणी में लगातार दूसरी बार पहला स्थान प्राप्त किया है। इंदौर और देपालपुर ने भी शानदार प्रदर्शन किया है। देवास, ग्वालियर, जबलपुर, बुधनी और रीवा जैसे शहरों ने भी स्वच्छता के क्षेत्र में बेहतर उपलब्धियां हासिल की हैं।
मुख्यमंत्री ने उज्जैन के कचरा प्रबंधन की जानकारी देते हुए बताया कि मक्सी रोड सब्जी मंडी और बड़े कचरा उत्पादकों से निकलने वाले गीले कचरे का प्रसंस्करण कर बिजली बनाई जा रही है। मंदिरों से निकलने वाले फूलों से अगरबत्ती तैयार की जा रही है, जबकि सूखे कचरे से आरडीएफ बनाकर सीमेंट फैक्ट्रियों को बेचा जा रहा है। करीब 75 टन प्रतिदिन क्षमता वाले वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट और नए गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन बनाने का काम भी चल रहा है। उन्होंने कहा कि विकास कार्य पूरे होने के बाद शहर की स्वच्छता व्यवस्था और बेहतर होगी।
समारोह में सफाई मित्रों को जोन और सेक्टर के अनुसार मंच पर बुलाकर सम्मानित किया गया। उनके स्वास्थ्य परीक्षण के लिए शिविर लगाया गया, जिसमें विभिन्न जांचें की गईं। परिसर में स्वच्छता जागरूकता के पोस्टर-बैनर लगाए गए और नागरिकों के सुझाव लेने के लिए फीडबैक काउंटर बनाया गया। महापौर मुकेश टटवाल और नगर निगम सभापति कलावती यादव ने कहा कि उज्जैन की यह उपलब्धि जनप्रतिनिधियों, निगम अधिकारियों-कर्मचारियों, सफाई मित्रों और शहरवासियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।
यह भी पढ़ें- सिंहस्थ-2028 में श्रद्धालुओं के स्वागत को तैयार इंदौर, शहर में बढ़ेंगे होम स्टे, मिलेगा रोजगार
कार्यक्रम में सांसद अनिल फिरोजिया, राज्यसभा सदस्य उमेशनाथ महाराज, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, सिंहस्थ मेला प्राधिकरण अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल, विकास प्राधिकरण अध्यक्ष डॉ. रवि सोलंकी, हाउसिंग बोर्ड अध्यक्ष ओम जैन, नगर भाजपा अध्यक्ष संजय अग्रवाल सहित प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन शैलेंद्र व्यास ने किया। आभार सत्यनारायण चौहान ने माना।
यह भी पढ़ें- सिंहस्थ 2028: किसानों की जमीन पर बनेगी टेंट सिटी, श्रद्धालुओं को पार्किंग के पास मिलेगा ठिकाना