'मैं डिब्बा मंत्री हूं, पर यह बुरी बीमारी है', यंग थिंकर्स कंफ्लुएंस में ऐसा क्यों बोले ज्योतिरादित्य सिंधिया?
सिंधिया ने कहा कि हमारे जमाने में बाहर खेलते थे, गिरते थे, चोट लगती थी। आज युवा न बाहर जाते हैं, न खेलते हैं।
Publish Date: Sat, 21 Nov 2026 08:10:51 PM (IST)Updated Date: Sat, 21 Nov 2026 08:10:51 PM (IST)
यंग थिंकर्स कांफ्लुएंस में बोले केन्द्रीय मंत्री सिंधिया, फाइल फोटोHighLights
- यंग थिंकर्स कांफ्लुएंस में बोले केन्द्रीय मंत्री सिंधिया
- युवाओं से मोबाइल से दूर रहने की दी गई सलाह
- नौकर बनने आया 'डिब्बा', बन गया 'मालिक'
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। मैं 'डिब्बा' (मोबाइल) मंत्री हूं, लेकिन यह बुरी बीमारी है। यह डिब्बा माता-पिता, भाई-बहन से दूर कर देता है। एक परिवार में यदि चार सदस्य हैं, तो सभी मोबाइल पर व्यस्त रहते हैं। आपस में बात नहीं करते। अरे, किताबें पढ़ो, दोस्तों से मिलो। गेम्स से दोस्ती करो। आज का युवा इस 'डिब्बे' में कैद हो गया है।
यह डिब्बा नौकर बनने आया था, अब 'मालिक' बन गया है। यह बात केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ‘यंग थिंकर्स कंफ्लुएंस-2026’ के आठवें सम्मेलन में युवाओं को संबोधित करते हुए कही। यह आयोजन लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षा संस्थान (एलएनआईपीई) में यंग थिंकर फोरम की ओर से आयोजित किया जा रहा है।
केन्द्रीय मंत्री की युवाओं को सलाह
इस दौरान सिंधिया ने युवाओं से संवाद किया। उनके सवालों के जवाब दिए। सिंधिया ने कहा कि हमारे जमाने में बाहर खेलते थे, गिरते थे, चोट लगती थी। आज युवा न बाहर जाते हैं, न खेलते हैं। उन्होंने अपना उदाहरण देते हुए कहा कि एक दिन मैंने रात 10 बजे इंस्टाग्राम खोला, रात एक बजे घड़ी देखी, तीन घंटे कहां गए पता ही नहीं चला, तब से मैंने प्रण लिया कि मैं मोबाइल तभी देखूंगा, जब मेरे मतलब की कोई चीज आएगी।
आज सभी लोग भी यह सोच लें कि कुछ घंटे मोबाइल से दूर रहना है, तो देखना जीवन में परिवर्तन आ जाएगा। उन्होंने कहा कि मोबाइल यानी डब्बे का इस्तेमाल सिर्फ मनोरंजन तक सीमित नहीं रहना चाहिए, उसे शोध, अपनी क्षमता बढ़ाने, दुनिया के नवाचार से जुड़ने और व्यापार के नए अवसर तलाशने के लिए करें। सिंधिया ने कहा कि भारत जैसी मानव संसाधन क्षमता दुनिया के किसी दूसरे देश के पास नहीं है और विकसित भारत 2047 का सपना युवा शक्ति के दम पर ही साकार होगा।