
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शातिर जालसाज हर दिन नए-नए हथकंडों के जरिए शहरवासियों को अपनी ठगी का शिकार बना रहे हैं। ताजा घटनाक्रम में बीते 24 घंटों के भीतर शहर के अलग-अलग थानों में ऑनलाइन धोखाधड़ी के 10 नए मामले सामने आए हैं।
पीड़ितों द्वारा राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत के बाद पुलिस ने थानों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
झांसे में आए लोग, लाखों का चूना
बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के विनय नगर (सेक्टर-4) निवासी अभिषेक श्रीवास्तव को कॉल आया। उसने ख़ुद को सिक्योरिटी अधिकारी बताते हुए शेयर बाजार में निवेश पर भारी मुनाफे का लालच दिया। पीड़ित ने उसके झांसे में आकर करीब 15 लाख रुपये गंवा दिए।
बहोड़ापुर की साक्षी हाइट्स निवासी कौस्तुभ शर्मा ऑनलाइन होटल बुकिंग के लिए संपर्क नंबर खोज रहे थे। साइबर ठगों द्वारा गूगल पर डाले गए फर्जी नंबर पर संपर्क होते ही उनसे 16 हजार रुपए की ठगी हो गई।
पुरानी छावनी थाना क्षेत्र के जिगसोली निवासी फिरोज़ खान का बैंक खाता हैक कर शातिर बदमाशों ने तीन लाख 16 हजार रुपए निकाल लिए।
अलग-अलग हथकंडों से बना रहे ठगी का शिकार
थाटीपुर निवासी संदीप मिठास का फोन हैक कर 98 हजार रुपए खाते से निकाल लिए।
हजीरा में मां वैष्णोपुरम कॉलोनी में रहने वाले एन कुमार के खाते से 99 हजार रुपयए निकाल लिए।
जनकगंज में रहने वाले कृष्णा राठौड़ का मोबाइल हैक कर खाते से 95 हजार रुपए निकाल लिए।
मुरार के रहने वाले नरेश शर्मा के क्रेडिट कार्ड के ज़रिए हजार रुपए दूसरे खाते में ट्रांसफर कर लिए।
सिकंदर कंपू निवासी सुरेश शिवहरे के साथ 54 हजार रुपए की साइबर ठगी हो गई।
गिरवाई के ही रहने वाले विनायक जोशी से 22 हजार रुपए की ठगी हो गई।
सिकंदर कंपू स्थित सरदार की मल्टी निवासी किशोर लालवानी के साथ 16 हजार रुपए की ठगी हो गई।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर में 70 हजार उपभोक्ताओं के घरेलू गैस कनेक्शन होल्ड पर, अब 1700 रुपए में मिलेगा 10 किलो का सिलेंडर