
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर में वर्षा का सिस्टम तो बना हुआ है, लेकिन सिर्फ घने बादल तरसाकर निकल जा रहे हैं। सोमवार को भी सुबह से आसमान में बादलों के कारण धूप-छांव का खेल चलता रहा। बादल छाने के कारण अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई।
इस बीच मौसम विभाग ने मानसून की वापसी की संभावना भी जताई है। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो रही हैं और 19 सितंबर से पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों से मानसून की वापसी के शुरू होने की संभावना है।
तापमान में आई मामूली गिरावट
इस बीच शहर में हल्की वर्षा की संभावना बनी हुई है। रविवार की शाम को शहर में कुछ मिनट तेज वर्षा होने के बाद सोमवार को बादल शांत रहे। बादलों के बीच से धूप भी झांकती रही। स्थानीय मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, रविवार की तुलना में सोमवार को अधिकतम तापमान 0.5 डिसे की गिरावट के साथ 32.5 डिसे दर्ज किया गया।
यह भी पढ़ें- MP Weather: मानसून की रफ्तार पर लगा ब्रेक, 37 जिलों में कोटा अधूरा; भोपाल और ग्वालियर समेत 18 जिलों का पूरा
यह सामान्य से 1.2 डिसे कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 1.1 डिसे की गिरावट के साथ 25.6 डिसे दर्ज किया गया। यह सामान्य से 0.5 डिसे अधिक है। मौसम विभाग के मुताबिक, वर्तमान में दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र अब दक्षिण-पूर्वी राजस्थान और उत्तरी गुजरात के ऊपर पहुंच गया है।
हल्की बारिश की संभावना
मानसून ट्रफ भी अब नलिया, दक्षिण-पूर्वी राजस्थान, उत्तरी गुजरात के ऊपर स्थित कम दबाव के क्षेत्र के केंद्र से होते हुए राजगढ़, दमोह, पेंड्रा रोड, राउरकेला और दीघा से होकर बंगाल की खाड़ी तक विस्तृत है। ऐसे में फिलहाल शहर में तेज वर्षा की संभावना नहीं है। अगले 24 घंटों के दौरान गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है।
यह भी पढ़ें- ‘देसी धनुष’ से दुश्मन का सफाया करेगी सेना, देश की बढ़ेगी ताकत और मिलेगी 62 आधुनिक तोपें