
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी ने कार्यसुविधा और प्रशासनिक दृष्टि से संपत्तिकर विभाग में विभिन्न अधिकारियों के दायित्व में फेरबदल किया है। जारी आदेश के मुताबिक अपर आयुक्त संपत्तिकर संपूर्ण नगरीय क्षेत्र का दायित्व टी प्रतीक राव को सौंपा गया है।
आदेश के मुताबिक संपत्तिकर विभाग में सुनील चौहान को दक्षिण विधानसभा क्षेत्र, उत्तम जखैनिया को ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र, रजनीश गुप्ता को पूर्व विधानसभा क्षेत्र और मुकेश बंसल को ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र का उपायुक्त बनाया गया है।
इसके साथ ही नामांतरण व्यवस्था में परिवर्तन किया गया है। पांच हजार वर्गफीट तक के नामांतरण संबंधित विधानसभा क्षेत्र के संपत्तिकर उपायुक्त करेंगे और इनके अपीलीय अधिकारी अपर आयुक्त संपत्तिकर रहेंगे। 5001 से 10 हजार वर्गफीट तक के नामांतरण अपर आयुक्त संपत्तिकर करेंगे और इनके अपीलीय अधिकारी अपर आयुक्त प्रदीप तोमर रहेंगे। 10 हजार वर्गफीट से अधिक के नामांतरण आयुक्त नगर निगम करेंगे और इनके अपीलीय अधिकारी अपर आयुक्त प्रदीप तोमर रहेंगे।
नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी ने क्षेत्रीय अधिकारियों के कार्य प्रभार में भी फेरबदल किया है। जारी आदेश के मुताबिक उपयंत्री उत्पल सिंह भदौरिया को क्षेत्राधिकारी व सहभवन निरीक्षक क्षेत्र क्रमांक 17, उपयंत्री संजीव कुमार झा को क्षेत्राधिकारी व सहभवन निरीक्षक क्षेत्र क्रमांक एक व उपयंत्री विशाल गर्ग को क्षेत्राधिकारी व सहभवन निरीक्षक क्षेत्र क्रमांक आठ (क) बनाया गया है।