
Monsoon in Gwalior: ग्वालियर. नईदुनिया प्रतिनिधि। दस दिन बाद शुक्रवार को शहर लौटी मानसून की ट्रफ लाइन शनिवार को खिसककर उत्तर प्रदेश की ओर जा पहुंची। इसके चलते शहर के आसमान में बादलों की आवाजाही तो है, लेकिन वर्षा नहीं हो रही है। शनिवार को भी दोपहर के समय कुछ मिनटों के लिए रिमझिम बौछारें भी गिरीं, लेकिन तेज वर्षा नहीं हो सकी। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अब अगस्त माह की दूसरी और तीसरी तारीख को ही तेज वर्षा की संभावना है। तब तक आसमान में बादलों का डेरा रहेगा और हल्की बौछारें व बूंदाबांदी हो सकती है। वहीं अंचल के कुछ शहरों में भारी बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग ने दो व तीन अगस्त को तेज वर्षा की संभावना जताई है। इसका कारण बताया गया है कि हरियाणा में बने चक्रवातीय घेरे के कारण मानसून की ट्रफ लाइन उत्तर प्रदेश की ओर खिंच गई। बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र आंध्र प्रदेश होते हुए महाराष्ट्र की ओर जा रहा है। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जिसके कारण मानसून का असर राजस्थान पर अधिक है। हालांकि ट्रफ लाइन की वजह से नमी बढ़ेगी। इसके प्रभाव से मुरैना, भिंड, श्योपुर, दतिया में तेज बारिश के आसार हैं। मानसून की ट्रफ लाइन सामान्य होने पर शहर में दो व तीन अगस्त को तेज वर्षा होगी। इसके बाद हल्की वर्षा का दौर चलेगा। इसके चलते आज आसमान में बादल छाए रहेंगे। तेज हवा भी चलेगी, जिससे उमस से राहत मिलेगी। तापमान भी स्थिर रहेगा। कल हल्की वर्षा की संभावना जताई गई है। एक अगस्त को भी कमोबेश यही स्थिति रहेगी, लेकिन दो व तीन अगस्त को शहर में तेज वर्षा होगी। तापमान भी 33 से 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा और लोगों को उमस से राहत मिलेगी।