मुरैना में रोड रेज का मामला, कार से टच हुए डंपर का 30 किमी किया पीछा, ड्राइवर के हाथ-पैर तोड़े
मुरैना में कार से हल्की टक्कर होने पर चार लोगों ने 30 किमी पीछा कर डंपर ड्राइवर को बेरहमी से पीटा और वाहन में तोड़फोड़ की। रिठौराकलां पुलिस ने केस दर्ज किया है।
Publish Date: Wed, 25 Nov 2026 09:52:19 AM (IST)Updated Date: Wed, 25 Nov 2026 09:52:19 AM (IST)
मुरैना में रोड रेज का मामला। (एआई जनरेटेड)HighLights
- मुरैना में डंपर से ब्रेजा कार की लाइट पर आया स्क्रैच।
- कार सवारों ने 10 हजार रुपये नकद क्षतिपूर्ति की रखी मांग।
- थार व एक्सयूवी से 30 किमी पीछा कर डंपर को रोका।
नईदुनिया प्रतिनिधि, मुरैना। मुरैना में फ्लाईओवर के पास डंपर ने ब्रेजा कार में टक्कर मार दी। इस घटना से बौखलाए चार लोगों ने 30 किमी तक डंपर का पीछा किया और डंपर ड्राइवर को पकड़कर इतना पीटा, कि उसके हाथ व पैर की हड्डी टूट गई। डंडे के प्रहार से सिर फूट गया। इसके बाद हमलावरों ने डंपर की तोड़फोड़ कर दी। घटित अपराध को लेकर रिठौराकलां थाना पुलिस ने चार आरोपितों के खिलाफ मुकदमा कायम किया है।
10 हजार रुपये नकद देने से मना करने पर बढ़ा विवाद
- जानकारी के मुताबिक, अमरनाथ कंपनी का डंपर एचआर 38 एके 1103 गिट्टी भरने के लिए 21 नवंबर की शाम 7 बजे मुरैना से बेरजा जा रहा था। नेशनल हाईवे स्थित फ्लाईओवर से उतरने के बाद डंपर एक ब्रेजा कार एमपी 07 जेडसी 6078 से हल्का सा टकरा गया, जिससे कार की लाइट में स्क्रेच आ गई।
कार में हुए नुकसान को लेकर उसमें सवार युवक, डंपर ड्राइवर से क्षतिपूर्ति के रूप में 10 हजार रुपये की मांग करने लगे। डंपर मालिक ने कहा कि वह नुकसान का नकद पैसा नहीं देगा, जो टूट-फूट हुई है उसे रिपेयर कराने को तैयार है। इस पर ब्रेजा सवार युवक तैयार नहीं हुए। इतने में डंपर को लेकर ड्राइवर वहां से रवाना हो गया। थार और एक्सयूवी से ओवरटेक कर रोका, डंडे व सरिया से किया हमला
- डंपर 30 किमी चलकर आगरा-झांसी हाइवे पर बालाजी होटल के पास पहुंचा। इसी दौरान पीछे से आई काले रंग की थार एमपी 07जेडजी 6764 व एक्सयूवी एमपी 07 सीके 3777 में सवार जगत सिंह परिहार व बृजकिशोर परिहार व दो अन्य ने ओवरटेक कर डंपर काे रोक लिया। हमलावरों ने पहले डंडे से सरिया से डंपर के शीशे तोड़े।
उसके बाद ड्राइवर बलवीर गुर्जर को डंपर से नीचे खींचकर उसकी डंडे व सरिया से मारपीट की, जिससे ड्राइवर के हाथ-पैर की हड्डी टूट गई और सिर फटने से खून बहने लगा। ड्राइवर बलवीर गुर्जर को उपचार के लिए उसके सहयोगियों ने वेदांत हास्पिटल पहुंचाया।
प्राथमिक उपचार के लिए डंपर ड्राइवर को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटित अपराध को लेकर रिठौराकलां पुलिस ने आरोपित जगत सिंह परिहार व बृजकिशोर परिहार व दो अन्य के खिलाफ मारपीट कर जाहिरा चोट पहुंचाने का मुकदमा कायम किया है। यह भी पढ़ें- ड्यूटी पर तैनात नौसेना जवान के घर में घुसकर पड़ोसियों ने मां-भाई को पीटा, पुलिस पर लापरवाही का आरोप