
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। मौसम में बदलाव के साथ शहर में मौसमी और संक्रामक बीमारियों का असर बढ़ता जा रहा है। स्वाइन फ्लू (एच1एन1) और डेंगू के मामलों के बीच अब चिकनगुनिया भी प्रभाव दिखाने लगा है।
गजराराजा चिकित्सा महाविद्यालय (जीआरएमसी) की माइक्रोबायोलाजी लैब में तीन सैंपलों की जांच की गई, जिसमें गंगानगर पीटीएस तिघरा में प्रशिक्षण ले रहे 26 वर्षीय जवान की रिपोर्ट चिकनगुनिया पॉजिटिव आई है।
नया मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हुआ। मरीज की रिपोर्ट पॉजिटिव मिलने की सूचना मिलते ही मलेरिया विभाग की टीम उसके घर पहुंची और आसपास लार्वा सर्वे किया। टीम ने क्षेत्र में मच्छरों के प्रजनन स्थलों की जांच कर लोगों को सावधानी बरतने की सलाह भी दी।
तीन बीमारियों ने बढ़ाई स्वास्थ्य विभाग की चिंता
चिकनगुनिया के नए मामले के साथ जिले में अब तक इसके छह मरीज पॉजिटिव मिल चुके हैं। वहीं डेंगू के मामलों की संख्या बढ़कर 76 तक पहुंच गई है। इसके अलावा स्वाइन फ्लू (एच1एन1) के भी दो मामले सामने आ चुके हैं। एक साथ विभिन्न संक्रामक बीमारियों के मामले सामने आने से स्वास्थ्य विभाग के सामने निगरानी और रोकथाम की चुनौती बढ़ गई है। राहत की बात यह है कि स्वाइन फ्लू के दोनों ही मरीज स्वस्थ हैं।
यह भी पढ़ें- सागर जहरीली शराब कांड के बाद ग्वालियर में एक्शन, 50 लाख का 2300 लीटर इथेनॉल बरामद, छापेमारी में तीन आरोपी गिरफ्तार
बुखार और जोड़ों के दर्द को हल्के में न लें
चिकित्सकों के अनुसार, तेज बुखार के साथ शरीर और जोड़ों में दर्द, कमजोरी तथा अन्य लक्षण दिखाई देने पर जांच कराना जरूरी है। कई बार लोग सामान्य वायरल बुखार समझकर इलाज में देरी कर देते हैं। वहीं डेंगू के मामलों में भी तेज बुखार और कमजोरी होने पर चिकित्सकीय सलाह लेने की जरूरत है।
लोग घरों में कूलर, टंकियों, गमलों और अन्य स्थानों पर पानी जमा न होने दें। मच्छरों से बचाव के लिए आवश्यक उपाय करें और बुखार होने पर स्वयं दवा लेने के बजाय चिकित्सक की सलाह से जांच व उपचार कराएं। डॉक्टर, विनोद कुमार दौनेरिया, जिला मलेरिया अधिकारी
यह भी पढ़ें- देश की सुरक्षा में बड़ी चूक: ग्वालियर की डबरा तहसील के पते पर बने 20 बांग्लादेशियों के फर्जी पासपोर्ट