
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। प्रदेश के सागर जिले में जहरीली शराब के कांड में मौत के मामले सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। आबकारी आयुक्त ने प्रदेशभर में कच्ची और जहरीली शराब को लेकर लगातार सर्चिंग व कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसके बाद जिलों में आबकारी अधिकारी व अमला सक्रिय हुआ है।
प्रदेश के आबकारी मुख्यालय वाले जिले में अवैध शराब का कारोबार नहीं है, ऐसा नहीं कहा जा सकता। यहां पर देहात में कच्ची शराब के पक्के ठिकाने बने हुए हैं, जिन पर बार-बार कार्रवाई तो होती है लेकिन जड़ से नेटवर्क उखाड़ने का काम अभी तक नहीं हो सका है।
रविवार को आबकारी विभाग की टीम ने मोहना के चराई रेंहट में एक ढाबे से 2300 लीटर इथेनॉल के बरामद किया। जिसकी कीमत 32 लाख आंकी गई है और आशंका है कि यह शराब बनाने व पेट्रोल में मिलाने के लिए मंगवाया गया था।
आबकारी व पुलिस की टीम ने इथेनाल जब्त कर लिया है। वहीं, बीयर व अन्य देसी शराब मिलाकर कुल पूरे माल की कीमत 50 लाख आंकी गई है।
सागर में जहरीली शराब पीने से मौतों के मामले अभी तक सामने आ चुके हैं। इस मामले में आबकारी आयुक्त की ओर से अधिकारियों पर निलंबन की कार्रवाई भी की गई है जिसमें एक अधिकारी को ग्वालियर मुख्यालय भी अटैच किया गया है।
जहरीली शराब में प्राथमिक दृष्टया मिथाइल एल्कोहल मिलाने की संभावना जताई गई है और शराब बाहरी राज्य से लाने की भी आशंका है। इस मामले में आबकारी आयुक्त के निर्देश के बाद जिले और संभाग के आबकारी अधिकारियों ने सर्चिंग शुरू कर दी है। रोजाना अब रिपोर्ट भी आबकारी आयुक्त को भेजी जाएगी।
महाकाल ढाबा पर मिला इथेनॉल
मोहना थाना पुलिस के अनुसार, इथेनॉल के 13 ड्रम मोहना में हाईवे के पास महाकाल ढाबे के पीछे गोदाम में रखे हुए थे। यह ढाबा अनिल शर्मा का है और प्राथमिक पड़ताल में पता चला कि पेट्रोलियम में मिलाने के लिए यह उपयोग किया जा रहा था।
दूसरी ओर, आबकारी और पुलिस को यह भी आशंका है कि इस इथेनॉल को देसी शराब में मिलाने के लिए रखा गया था। आरोपित अनिल शर्मा निवासी मोहना, सौरभ गुर्जर निवासी श्योपुर व अतीक खान निवासी मोहना गिरफ्तार कर लिए गए हैं।
ग्वालियर में अवैध शराब के ठिकाने
मोहना घाटीगांव क्षेत्र में नया गांव पनिहार से लेकर मोहना तक कई जगहों पर अवैध व कच्ची शराब के ठिकाने सामने आ चुके हैं। लगातार कार्रवाई के बाद भी इन पर अंकुश नहीं लग सका है।
डबरा क्षेत्र में दुबहा, चकमियांपुर, गुझार, जुझार, बसई, चुरली, मियांपुर जैसे ठिकाने हैं जहां कच्ची शराब का काम होता है। इसके अलावा भितरवार इलाके में भी कई ठिकाने और भी आंतरिक क्षेत्रों में हैं।
शहरी सीमा के पास के क्षेत्रों पर नजर डालें तो गोकुलपुर और मोहनपुर इलाके में कच्ची शराब आए दिन पकड़ी जाती है लेकिन स्थायी प्रतिबंध नहीं लग सका है।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर के लिए राहत वाली खबर: तिघरा बांध फुल टैंक लेवल की ओर, 24 घंटे में 4.80 फीट बढ़ा जलस्तर
ग्वालियर में पकड़ी थी नकली शराब फैक्ट्री
ग्वालियर जिले के घाटीगांव क्षेत्र में आबकारी ने अक्टूबर 2025 में एक बड़े फार्म हाउस पर छापा मारकर करोड़ों रुपये की अवैध और नकली शराब बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया था। कार्रवाई के दौरान लगभग 25 हजार लीटर नकली शराब (ड्रमों में भरी कच्ची व तैयार शराब), 232 से अधिक पेटियां और एक करोड़ रुपये की मशीनरी जब्त की गई थी।
अनुमानित तौर पर जब्त कुल नकली शराब की कीमत करीब चार करोड़ रुपये आंकी गई थी। इसमें कांग्रेस नेता सुरेंद्र तोमर को भी आरोपित बनाया गया था। इसके अलावा इस मामले का मुख्य सरगना रणदीप मलिक अभी तक पकड़ा नहीं गया है जो कि ओपी की सप्लाई करता था।
मोहना में महाकाल ढाबे से 13 ड्रम इथेनाल पकड़ा है,यह शराब ही है जिसे छिपाकर रखा गया था। आबकारी टीम कार्रवाई कर रही है।
राजेश तिवारी, एडीइओ, आबकारी विभाग, ग्वालियर
मोहना में महाकाल ढ़ाबे से इथेनॉल पकड़ा गया है, आबकारी के साथ पुलिस ने संयुक्त छापेमारी की है।
विनय सिंह तोमर, प्रभारी, थाना मोहना
यह भी पढ़ें- Gwalior: शहर से लेकर गांव तक झमाझम बरसे बादल, नदियों से लेकर बांध लबालब, जानिए आगामी चार दिनों तक कैसा रहेगा मौसम