दीपावली पर हवाई सफर होगा महंगा, मुंबई से ग्वालियर का किराया 27 हजार रुपये के करीब
दीपावली पर महानगरों से ग्वालियर लौटना काफी महंगा होगा। मुंबई का हवाई किराया 26 हजार और बेंगलुरु का 18 हजार रुपये तक पहुंच सकता है। फ्यूल चार्ज बढ़ने स...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 18 Oct 2026 09:32:16 AM (IST)Updated Date: Sun, 18 Oct 2026 09:32:16 AM (IST)
दीपावली पर हवाई सफर होगा महंगा। (फाइल फोटो)HighLights
- दीपावली पर ग्वालियर की उड़ानों के किराये में भारी उछाल।
- मुंबई से ग्वालियर का हवाई किराया 26 हजार के पार।
- बेंगलुरु से आने के लिए 18 हजार तक लगेगा किराया।
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। दीपावली पर अपनों के बीच त्योहार मनाने के लिए ग्वालियर लौटने वालों को इस बार यात्रा पर मोटी रकम खर्च करनी पड़ सकती है। महानगरों से ग्वालियर आने वाली उड़ानों के किराये में भारी उछाल की संभावना है।
मुंबई से आने का टिकट 26 हजार रुपये से अधिक और बेंगलुरु से आने का किराया करीब 18 हजार रुपये तक पहुंच सकता है। दिल्ली से ग्वालियर आने के लिए भी यात्रियों को सामान्य दिनों के मुकाबले कई गुना ज्यादा कीमत चुकानी पड़ सकती है।
फ्यूल चार्ज बढ़ाए जाने से बढ़ा खर्च
- इंडिगो की ओर से फ्यूल चार्ज बढ़ाए जाने से हवाई यात्रा का खर्च और बढ़ गया है। ट्रेनों में आरक्षित सीटों की कमी के बीच हवाई किराये में बढ़ोतरी ने घर लौटने की तैयारी कर रहे लोगों की चिंता बढ़ा दी है।दीपावली आठ नवंबर को है।
- त्योहार के बाद मिलने वाली छुट्टियों के चलते दूसरे शहरों में पढ़ाई और नौकरी करने वाले लोग बड़ी संख्या में ग्वालियर पहुंचेंगे। इस बढ़ती मांग का असर हवाई टिकटों की कीमतों पर पड़ रहा है। यात्रियों के सामने अब समय रहते टिकट बुक कराने या महंगे सफर के लिए बजट बढ़ाने का विकल्प है।
मुंबई के टिकट में 20 हजार रुपये तक का अंतर
- सामान्य दिनों में नई दिल्ली से ग्वालियर का हवाई किराया करीब 2556 रुपये रहता है, लेकिन त्योहार के आसपास यह बढ़कर 21,141 रुपये तक पहुंचने की संभावना है। मुंबई से ग्वालियर का सामान्य किराया 5273 रुपये के मुकाबले 26,824 रुपये तक जा सकता है।
- इसी तरह बेंगलुरु से आने के लिए सामान्य दिनों में करीब 7704 रुपये खर्च करने पड़ते हैं, जबकि त्योहार के आसपास यह राशि 17,784 रुपये तक पहुंच सकती है। हालांकि, वास्तविक किराया यात्रा की तारीख, सीटों की उपलब्धता और टिकट बुकिंग के समय पर निर्भर करेगा।
फ्यूल चार्ज ने भी बढ़ाया खर्च
हवाई यात्रा महंगी होने के बीच इंडिगो ने घरेलू उड़ानों पर ईंधन अधिभार बढ़ा दिया है। दूरी के हिसाब से इसमें 100 से 350 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है। 501 से 1000 किलोमीटर की दूरी वाले मार्गों पर फ्यूल चार्ज अब 600 रुपये बताया गया है, जो पहले से 200 रुपये अधिक है। इससे टिकट की कुल कीमत पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।
चार शहरों के लिए उड़ानें बंद
- ग्वालियर से फिलहाल हैदराबाद, कोलकाता, इंदौर और अहमदाबाद के लिए हवाई सेवाएं बंद हैं। इन शहरों में आने-जाने वाले यात्रियों को रेल मार्ग पर निर्भर रहना पड़ रहा है। वर्तमान में ग्वालियर से दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु के लिए सीधी हवाई सेवा उपलब्ध है।